दिलखुश मोटीस
सावर(अजमेर)@स्मार्ट हलचल|जिला कलेक्टर के निर्देशों पर शुक्रवार को सावर तहसीलदार भगवती प्रसाद वैष्णव ने कस्बे में संचालित राधे कृष्णा गैस एजेंसी तथा उसके गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडरों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था का जायजा लेना था।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार वैष्णव ने गैस सिलेंडरों के स्टॉक, वितरण व्यवस्था तथा उपभोक्ताओं को दी जा रही सेवाओं की विस्तृत जानकारी ली। जांच में पाया गया कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडरों की सप्लाई समय पर दी जा रही है और क्षेत्र में किसी प्रकार की गैस की कमी नहीं है। गोदाम में भी पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध पाए गए तथा मांग के अनुसार नियमित आपूर्ति की जा रही है।
एजेंसी प्रबंधन के अनुसार सावर क्षेत्र में कुल 17,238 गैस कनेक्शन हैं, जिनमें से 8,661 कनेक्शन उज्ज्वला योजना के तहत हैं। वर्तमान में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 930 रुपये है। ग्रामीण क्षेत्रों में सप्ताह में दो बार गैस सप्लाई की जा रही है, जबकि सावर कस्बे के शहरी क्षेत्र में प्रतिदिन डोर-टू-डोर डिलीवरी दी जा रही है। गैस बुकिंग के लगभग 25 दिन बाद डिलीवरी की व्यवस्था है।
निरीक्षण के दौरान एजेंसी पर उपभोक्ताओं का आवागमन सामान्य पाया गया और उपभोक्ताओं की प्रतिक्रिया भी सकारात्मक रही। वहीं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए भी कॉमर्शियल सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध पाए गए, जिससे किसी भी दुकान या प्रतिष्ठान को सिलेंडर की कमी के कारण बंद नहीं करना पड़ा है।
तहसीलदार भगवती प्रसाद वैष्णव ने गैस एजेंसी मैनेजर मुकेश मूंदड़ा सहित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और गैस वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से जारी रखी जाए।
इस दौरान सावर थाना प्रभारी राधेश्याम चौधरी भी निरीक्षण के समय मौजूद रहे।
