आकोला, 13 जून। स्मार्ट हलचल।आगामी वर्षा ऋतु में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एईएन देवीराम मीणा ने क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों का भौतिक निरीक्षण एवं सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवनों की स्थिति, छतों से पानी टपकने की संभावना, टूट-फूट, जलभराव की समस्या तथा विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं उपयुक्त बैठने की व्यवस्था का गहन अवलोकन किया गया।
इस दौरान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बरूंदनी, उच्च प्राथमिक विद्यालय धामण घट्टी, प्राथमिक विद्यालय देवीपुरा, घाटा वाला कुआँ, माताजी का खेड़ा, शिक्षाकर्मी विद्यालय चाड़ा की झोपड़ियाँ तथा महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम सीनियर सेकेंडरी स्कूल का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों को जांचा गया।
निरीक्षण के समय अधिकारियों ने विद्यालय परिसरों में वर्षा के दौरान संभावित जोखिमों का आकलन करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्यों के लिए निर्देश भी दिए, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। अधिकारियों ने साफ किया कि सुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर पीईईओ एवं प्रधानाचार्य बाबूलाल बैरवा, प्रियंका पाराशर, दयाल सिंह, भंवरलाल अहीर, मांगीलाल गुर्जर तथा गायत्री तिवारी सहित अन्य कार्मिक विद्यालयों में उपस्थित रहे।
