अवैध खनन पर प्रशासन ने की कार्यवाही, मुर्रम से भरा डंपर पकड़ा

लाखेरी – स्मार्ट हलचल।राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी अवैध खनन एवं परिवहन विरोधी अभियान के तहत प्रशासन ने कापरेन क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मुर्रम परिवहन में लिप्त एक डंपर को पकड़कर भारी जुर्माना लगाया। कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया।
एडीएम कोटा के निर्देशानुसार माइंस फोरमैन गोविंद शर्मा ने टीम के साथ कापरेन क्षेत्र में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान गेंडोली के समीप एक डंपर को रोककर जांच की गई। जांच में वाहन मुर्रम से भरा पाया गया, लेकिन चालक वैध रॉयल्टी रसीद एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए खनन विभाग ने मौके पर ही वाहन पर 1 लाख 8 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। बाद में वाहन स्वामी द्वारा जुर्माना राशि जमा कराने के बाद वाहन को नियमानुसार रिलीज किया गया।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सक्रिय अवैध खननकर्ताओं और परिवहनकर्ताओं में अफरा-तफरी मच गई। कई स्थानों पर अवैध गतिविधियों में लगे लोगों ने अपने वाहन हटाने शुरू कर दिए।
एडीएम कोटा अविनाश कुलदीप ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी स्तर पर नियमों की अवहेलना करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध खनन से जुड़े लोगों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई को क्षेत्र में खनन माफियाओं के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी अवैध खनन पर लगाम लगाने के लिए विभागीय कार्रवाई की सराहना की है।