भीलवाड़ा, 01 अक्टूबर। स्मार्ट हलचल।राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार दिनांक 10 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाली इस वर्ष की तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्री अभय जैन के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भीलवाड़ा की सचिव श्रीमती रश्मि आर्य द्वारा आज भीलवाड़ा मुख्यालय के अधिवक्तागण के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन एवं अधिकाधिक प्रकरणों के निस्तारण के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। सचिव श्रीमती रश्मि आर्य एवं बार अध्यक्ष श्री उम्मेद सिंह राठौड़ द्वारा उपस्थित अधिवक्तागण से राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकाधिक प्रकरणों का आपसी सहमति एवं राजीनामे के माध्यम से निस्तारण करवाने हेतु सक्रिय सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया गया।
सचिव श्रीमती रश्मि आर्य ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को त्वरित एवं सुलभ न्याय उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनके मध्य आपसी सौहार्द बनाए रखने का महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त होता है। उन्होंने अधिवक्तागण से अपील की कि राष्ट्रीय लोक अदालत से पूर्व पक्षकारों की प्री-काउंसलिंग एवं मध्यस्थता के माध्यम से समझाइश के प्रयास किए जाएं, ताकि अधिकाधिक लंबित एवं प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का राजीनामे से निस्तारण संभव हो सके।
बार अध्यक्ष श्री उम्मेद सिंह राठौड़ ने भी अधिवक्तागण से राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा अधिकाधिक प्रकरणों के निस्तारण में सहयोग प्रदान करने की अपील की।
बैठक में बार अध्यक्ष श्री उम्मेद सिंह राठौड़, उपाध्यक्ष श्री महिपाल सिंह , सचिव श्री पंकज दाधीच , श्री मनोहर लाल , श्री रवि गोरानी , श्री आदित्य सिंह , श्री प्रताप लाल तेली सहित श्री विक्रम सिंह राठौड, राजेश शर्मा , श्री प्रदीप व्यास , श्री दुर्गेश शर्मा सहित अन्य अधिवक्तागण उपस्थित रहे।