(मोहम्मद आज़ाद नेब)
जहाजपुर|स्मार्ट हलचल|राजकीय कृषि महाविद्यालय भवन के शिलान्यास कार्यक्रम में कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा की शिरकत नहीं हो सकी। मंत्री का दौरा अंतिम समय पर निरस्त होने के बाद विधायक गोपीचंद मीणा ने स्वयं कृषि महाविद्यालय भवन का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इस महाविद्यालय भवन के निर्माण के लिए 8 करोड़ 80 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक गोपीचंद मीणा ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग यह भ्रम फैलाते हैं कि भाजपा सरकार द्वारा स्वीकृत विकास कार्यों का श्रेय अन्य नेता ले रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिन योजनाओं की वित्तीय स्वीकृति हमारी सरकार ने दी है, उनका शिलान्यास और लोकार्पण भी हम ही करेंगे।
विधायक मीणा ने कांग्रेस नेताओं पर चुटकी लेते हुए कहा कि वे भजन मंडलियों में जाकर यह दावा कर रहे हैं कि विकास कार्यों की स्वीकृतियां उन्होंने कराई हैं, जबकि यदि ऐसा होता तो पीपलूंद बाइपास, कृषि महाविद्यालय, बालिका महाविद्यालय जहाजपुर, स्टेडियम, छात्रावास, जिला उप चिकित्सालय जैसे कार्य आज धरातल पर क्यों नहीं दिखाई देते। उन्होंने आरोप लगाया कि आचार संहिता के दौरान रातों-रात फर्जी शिलापट्ट लगाकर केवल दिखावा किया गया, जिनमें सरपंचों के पैसों का दुरुपयोग हुआ।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान प्रतिनिधि कौशल किशोर शर्मा ने भी कांग्रेस की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका उद्देश्य विकास कराना नहीं बल्कि विकास कार्यों को रोकना रहा है।
51 घुमंतु परिवारों को पट्टे वितरण
कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार की योजना के तहत घुमंतु समाज के 51 परिवारों को उनके निवास स्थल के पट्टे वितरित किए गए, जिससे उन्हें स्थायी पहचान और आवासीय सुरक्षा मिल सकेगी।
101 किलो पुष्पमालाओं से स्वागत
विधायक गोपीचंद मीणा के जहाजपुर आगमन पर 101 किलो पुष्पों से निर्मित भव्य पुष्पमाला से स्वागत किया गया। इस अवसर पर बुलडोजर मशीन से पुष्प वर्षा कर अनूठे अंदाज में अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में ग्रामीण एवं नगर मंडल अध्यक्ष मांगीलाल जैन, महेंद्र खटीक, धर्मराज मीणा, महाविद्यालय की प्राचार्य शिखा जागरवाल, विकास अधिकारी सीताराम मीणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।













