मांडलगढ़ में अजमेर डिस्कॉम के अधिशासी अभियंता कार्यालय का उद्घाटन, विधायक खंडेलवाल ने गिनाईं विकास योजनाएं

मांडलगढ़।स्मार्ट हलचल|मांडलगढ़ में अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (अजमेर डिस्कॉम) के अधिशासी अभियंता कार्यालय का मंगलवार को उद्घाटन किया गया। समारोह में क्षेत्रीय विधायक गोपाल जी खंडेलवाल सहित भाजपा के जनप्रतिनिधि, नवनिर्वाचित चेयरमैन, उपाध्यक्ष, पार्षद, पार्टी पदाधिकारी तथा विद्युत निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।समारोह को संबोधित करते हुए विधायक गोपाल जी खंडेलवाल ने मुख्यमंत्री से हुई चर्चा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनसे कहा है कि जनता की ओर से जो भी मांगें लिखकर दी जाएंगी, उन्हें स्वीकृति दिलाने का प्रयास किया जाएगा। विधायक ने कहा कि जनता से प्राप्त मांगों एवं सुझावों के आधार पर क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

विधायक खंडेलवाल ने विधानसभा क्षेत्र में कराए गए तथा प्रस्तावित विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि शिक्षा, चिकित्सा, खेल, वन सहित विभिन्न क्षेत्रों में करीब 180 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत कराया गया है।

उन्होंने बताया कि मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए पांच विद्युत ग्रिड भी स्वीकृत किए गए हैं। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।