जयपुर 03 अप्रैल। स्मार्ट हलचल|अजमेर की कोतवाली थाना पुलिस ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि खाकी केवल सुरक्षा का नाम नहीं, बल्कि भरोसे का प्रतीक है। शहर के व्यस्ततम इंडिया मोटर सर्किल के पास रास्ता भटके एक 7 वर्षीय मासूम को पुलिस ने न केवल सुरक्षित संरक्षण में लिया, बल्कि अपनी तत्परता से महज 60 मिनट के भीतर उसे उसके माता-पिता की गोद में पहुंचा दिया।
घटना 31 मार्च की है, जब कचहरी रोड स्थित एक रेस्टोरेंट के बाहर इंडिया मोटर सर्किल के पास एक 7 साल का बच्चा अकेला और डरा हुआ घूम रहा था। राहगीरों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। कोतवाली थाने से सहायक उप-निरीक्षक शिवलाल और कांस्टेबल विनोद कुमार बिना देरी किए मौके पर पहुंचे और बच्चे को प्यार से पुचकार कर अपनी सुरक्षा में लिया।
*60 मिनट का मिशन मिलाप*
पुलिसकर्मियों ने बच्चे से बड़े ही आत्मीय भाव से पूछताछ की, जिसके बाद बच्चे ने अपने घर का पता बताया। जवानों ने तुरंत बच्चे के बताए पते पर संपर्क किया और महज 1 घंटे के भीतर उसे सकुशल परिजनों को सौंप दिया। अपने खोए हुए बच्चे को इतनी जल्दी वापस पाकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए।
*एसपी ने थपथपाई पीठ:*
जवानों की इस तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा की गूंज जिला मुख्यालय तक पहुंची। अजमेर जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने इस सराहनीय कार्य के लिए एएसआई शिवलाल और कांस्टेबल विनोद कुमार को 2100-2100 रुपये का नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
एसपी का संदेश: ऐसे कार्यों से जनता का पुलिस पर विश्वास और मजबूत होता है। जो कार्मिक अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी और मानवीय संवेदना के साथ निभाएंगे, उन्हें विभाग हमेशा प्रोत्साहित करेगा।
————
