(हरिप्रसाद शर्मा)
अजमेर/ स्मार्ट हलचल|बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख शुक्रवार को अपनी पत्नी जेनेलिया देशमुख और बच्चों के साथ विश्व प्रसिद्ध सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पहुंचे। यहां उन्होंने ख्वाजा साहब की मजार पर जियारत कर अकीदत के फूल पेश किए और परिवार की खुशहाली के साथ जीवन में कामयाबी के लिए दुआ मांगी। अभिनेता के दरगाह पहुंचने की सूचना मिलते ही उनके प्रशंसकों में उत्साह छा गया। अपने पसंदीदा सितारे की एक झलक पाने और उनके साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।रितेश देशमुख और उनका परिवार पुलिस सुरक्षा के बीच दरगाह पहुंचा। यहां खादिमों की ओर से उन्हें जियारत करवाई गई। जियारत के बाद अभिनेता की दस्तारबंदी की गई और उन्हें तबर्रक भेंट किया गया। इस दौरान उन्होंने ख्वाजा साहब के दरबार में हाजिरी लगाकर दुआ मांगी। इसके बाद रितेश देशमुख अपने परिवार के साथ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दरगाह से रवाना हो गए।
पसंदीदा सितारे को देखकर प्रशंसकों में उत्साह
रितेश देशमुख को दरगाह में अपने बीच देखकर प्रशंसक खासे उत्साहित नजर आए। कई लोग अभिनेता के साथ सेल्फी लेने और तस्वीरें खिंचवाने के लिए प्रयास करते दिखाई दिए। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अभिनेता और उनके परिवार की आवाजाही नियंत्रित रखी गई। पुलिस की मौजूदगी में पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के इंतजाम किए गए।
बॉलीवुड में कामयाबी और परिवार की खुशहाली के लिए मांगी दुआ
दरगाह में जियारत के दौरान रितेश देशमुख और उनकी पत्नी जेनेलिया देशमुख ने बॉलीवुड में कामयाबी, आगामी फिल्मों और अन्य परियोजनाओं की सफलता तथा परिवार की खुशहाली के लिए दुआ मांगी। इसके साथ ही उन्होंने देश में अमन-चैन, शांति और आपसी भाईचारा कायम रहने की कामना भी की। ख्वाजा साहब की दरगाह देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां हर धर्म और समुदाय के लोग अपनी मन्नतें लेकर पहुंचते हैं।
सितारों की आस्था का केंद्र है ख्वाजा साहब का दरबार
अजमेर स्थित ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में देश-विदेश से जायरीन के पहुंचने का सिलसिला वर्षभर जारी रहता है। बॉलीवुड सहित विभिन्न क्षेत्रों की जानी- मानी हस्तियां भी यहां हाजिरी लगाकर अपनी अकीदत जाहिर करती रही हैं। फिल्मी सितारों के दरगाह पहुंचने पर उनके प्रशंसकों में विशेष उत्साह देखने को मिलता है। रितेश देशमुख की इस यात्रा के दौरान भी यही नजारा देखने को मिला, जब अभिनेता की एक झलक पाने के लिए लोग उत्सुक नजर आए।