अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति द्वारा पुरुषोत्तम मास में गौ सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रणवीर सिंह चौहान

स्मार्ट हलचल /भवानी मंडीअखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति की ओर से पुरुषोत्तम मास के अवसर पर गौ सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। समिति की सदस्यों ने गणेश मंदिर में चल रहे शिविर में पहुंचकर बच्चों को गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने के समर्थन में शपथ दिलवाई। साथ ही सभी को पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करने का संकल्प भी कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान बढ़ती गर्मी एवं पर्यावरण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्लास्टिक की थैलियों का उपयोग नहीं करने, अधिक से अधिक पेड़ लगाने तथा घर एवं आसपास साफ-सफाई रखने का संदेश दिया गया।

समिति की सदस्य सरोज गुप्ता द्वारा गौ माता के लिए घर-घर से दो-दो रोटियां बनवाकर मंगवाई गईं, जिन्हें एकत्रित किया गया। इसके पश्चात समिति की सभी सदस्य गौशाला पहुंचीं, जहां गायों को साड़ी ओढ़ाकर पूजा-अर्चना की गई तथा सवामणी का आयोजन किया गया। गायों के लिए चारे की व्यवस्था भी करवाई गई। महिलाओं ने अपने घरों से लापसी, गुड़, रोटी, आलू एवं अन्य सब्जियां लाकर गौ माता को खिलाईं।

इस अवसर पर समिति की अध्यक्ष मीनाक्षी जाखेटिया, सचिव रजनी श्रौतीय, कोषाध्यक्ष लता मूंदड़ा, संस्थापक अध्यक्ष मंजू भराड़िया, गंगा गुप्ता, राजेश बिड़ला, अलका भूतड़ा, आशा काग्या, नीतू काग्या एवं सुशीला भूतड़ा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।