भीलवाड़ा में 10 दिन सजेगा अखिल भारतीय स्वदेशी मेले का मंच, 900 स्टॉल लगाने का लक्ष्य

1 से 10 जनवरी 2027 तक मेडिसिटी ग्राउंड में होगा आयोजन, वस्त्र उद्योग से लेकर महिला स्वयं सहायता समूहों और स्टार्टअप को जोड़ने की तैयारी

भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|भीलवाड़ा में नए साल की शुरुआत स्वदेशी उत्पादों और उद्यमिता के संगम के रूप में होगी। स्वदेशी जागरण मंच की ओर से 1 से 10 जनवरी 2027 तक आजाद नगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड में अखिल भारतीय स्वदेशी मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले की तैयारियों को लेकर एमएलवी कॉलेज में सांसद दामोदर अग्रवाल की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए करीब 900 स्टॉल लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।

बैठक में भीलवाड़ा के प्रमुख वस्त्र उद्योग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), स्थानीय कारीगरों, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्टार्टअप को मेले से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। आयोजन के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को व्यापक मंच उपलब्ध कराने तथा स्वदेशी वस्तुओं को प्रोत्साहित करने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में अखिल भारतीय स्वदेशी जागरण मंच की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य राजकुमार चतुर्वेदी, प्रांत सहसंयोजक डॉ. देवीलाल साहू, विभाग संयोजक राजेंद्र गहलोत, प्रदेश महामंत्री सहकार भारती एवं मेला सचिव सुनील सोमानी, त्रिलोक श्रोत्रिय, प्रेम स्वरूप गर्ग, सत्येंद्र माली और गगन तिवाड़ी सहित संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में मेले को लेकर विभिन्न तैयारियों पर चर्चा की गई। अब आयोजन की सफलता के लिए स्थानीय उद्यमियों, कारीगरों और अन्य संभावित प्रतिभागियों को जोड़ने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। जनवरी में प्रस्तावित यह मेला भीलवाड़ा के औद्योगिक एवं व्यावसायिक उत्पादों को प्रदर्शित करने का एक बड़ा मंच बनने की तैयारी में है।