खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर विजयीपुर विकासखंड की ग्राम सभा कुल्ली में कराए गए विकास कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर जांच की मांग की है।ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम प्रधान द्वारा विभिन्न योजनाओं में मानकों को दरकिनार कर लाखों रुपये के सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है।ग्राम सभा निवासी नरसिंह पुत्र धन नारायण ने लिखित शिकायत में आरोप लगाया है कि नाली, खड़ंजा, रिवोर, पेयजल, आवास, शौचालय, स्ट्रीट लाइट, तालाब और मनरेगा सहित कई योजनाओं में अनियमितताएं हुई हैं। शिकायत के अनुसार कई कार्य धरातल पर कराए ही नहीं गए, जबकि फर्जी बिलों के माध्यम से धनराशि निकाल ली गई।
ग्रामीणों ने लगभग 111 बिंदुओं पर साक्ष्य सहित शिकायत प्रस्तुत की है।
ग्रामीणों ने बताया कि मनरेगा में भी बड़े स्तर पर अनियमितता की गई है। आरोप है कि ऐसे लोगों का पंजीकरण किया गया जो काम करने में सक्षम नहीं हैं, जबकि कुछ संपन्न और व्यवसाय करने वाले लोगों के भी जॉब कार्ड बना दिए गए। यहां तक कि एक इंजीनियर के पिता का नाम भी मनरेगा सूची में शामिल करने का आरोप लगाया गया है।
आवास योजना को लेकर भी ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पक्के मकान वाले लोगों को आवास आवंटित कर दिया गया, जबकि वास्तविक पात्र लाभार्थी वंचित रह गए। इसके अलावा पंचायत भवन में सामग्री खरीद के नाम पर लाखों रुपये निकाले जाने के बावजूद मौके पर सामान न होने का भी आरोप है।
ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में जिलाधिकारी रविंद्र सिंह ने जांच टीम गठित कर ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है। बताया गया कि जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
