तीन न्यायालयों के स्टे आदेशों के बावजूद विवादित भूमि पर निर्माण जारी होने का आरोप,

उनियारा में खसरा नंबर 4545 पर टीन शेड लगाने की शिकायत, एसडीएम एवं तहसीलदार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग

शिवराज बारवाल मीना
टोंक/उनियारा।स्मार्ट हलचल|उनियारा कस्बे के राजस्व क्षेत्र में स्थित विवादित पुश्तैनी शामिलात कृषि भूमि पर न्यायालयों के स्थगन (स्टे) आदेश प्रभावी होने के बावजूद पक्का निर्माण कार्य जारी रहने का आरोप सामने आया है। इस संबंध में उनियारा निवासी राधेश्याम योगी ने उपखंड अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट तथा तहसीलदार एवं कार्यपालक मजिस्ट्रेट, उनियारा को लिखित शिकायत देकर निर्माण कार्य रुकवाने और न्यायालयीन आदेशों की पालना सुनिश्चित करवाने की मांग की है।
शिकायतकर्ता परिवादी राधेश्याम योगी निवासी उनियारा के अनुसार, विवादित भूमि के खसरा नंबर 190, 217, 4545, 4549 एवं 191 से संबंधित मामले भू-प्रबंध अधिकारी एवं पदेन राजस्व अपीलीय अधिकारी (आरएए), टोंक सहित उनियारा के संबंधित न्यायालयों में विचाराधीन हैं। प्रार्थी का दावा है कि उक्त भूमि के संबंध में तीनों न्यायालयों से स्थगन आदेश जारी हैं। ऐसे में आदेशों की शर्तों और वर्तमान प्रभावी स्थिति की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता है।
खसरा नंबर 4545 पर
*निर्माण कार्य जारी होने का आरोप*
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनियारा निवासी नंदकिशोर राठौर द्वारा विवादित भूमि पर निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। प्रार्थी के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को विशेष रूप से खसरा नंबर 4545 पर लोहे के एंगल खड़े कर टीन शेड लगाने का कार्य किया जा रहा था। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि इससे विवादित भूमि की मौजूदा स्थिति में बदलाव हो सकता है और यदि निर्माण प्रभावी स्थगन आदेशों के विपरीत पाया जाता है तो न्यायालयीन आदेशों की अवहेलना का मामला बन सकता है।
*27 सितंबर को राजस्व अधिकारियों ने किया था मौका निरीक्षण*
प्रार्थी ने शिकायत में उल्लेख किया है कि 27 सितंबर 2026 को निर्माण कार्य और टीन शेड लगाए जाने की शिकायत के बाद तहसीलदार, उनियारा के निर्देश पर हल्का पटवारी एवं गिरदावर ने मौके का निरीक्षण किया था। शिकायतकर्ता का दावा है कि निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य होता पाया गया था। इसके बावजूद 23 अक्टूबर तक निर्माण जारी रहने का आरोप लगाया गया है।
प्रार्थी ने पूर्व निरीक्षण रिपोर्ट तलब करने के साथ वर्तमान स्थिति का दोबारा मौका निरीक्षण करवाने, फोटोग्राफ एवं राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर वस्तुस्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
*अवैध निर्माण रुकवाने और नियमानुसार कार्रवाई की मांग*
शिकायतकर्ता ने प्रशासन से विवादित भूमि के संबंध में पारित स्थगन आदेशों की वर्तमान स्थिति एवं शर्तों की जांच करवाने तथा आदेशों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर निर्माण कार्य तत्काल रुकवाने के लिए नियमानुसार कदम उठाने की मांग की है।
इसके अतिरिक्त, पूर्व निरीक्षण रिपोर्ट और वर्तमान मौका रिपोर्ट प्राप्त करने, आवश्यकतानुसार पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों को मौके पर भेजने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग भी की गई है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि यदि जांच में न्यायालयीन आदेशों की अवहेलना अथवा कोई अन्य विधि-विरुद्ध कृत्य प्रमाणित होता है, तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध सक्षम न्यायालय एवं पुलिस के स्तर पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। परिवादी राधेश्याम योगी ने प्रशासन से की गई कार्रवाई से अवगत करवाने और विवादित भूमि की स्थिति यथावत बनाए रखने के लिए तत्काल हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है।