चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। एनएसयूआई संगठन में छात्र राजनीति को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए जिले की कमान अल्पेश गोस्वामी को सौंपी गई है। संगठन महासचिव मुकेश नराणिया द्वारा जारी नियुक्ति पत्र में शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार अल्पेश गोस्वामी को एनएसयूआई का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया।अल्पेश गोस्वामी वर्तमान में एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव एवं उदयपुर प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इससे पूर्व वे एनएसयूआई नगर अध्यक्ष के पद पर भी कार्य कर चुके हैं।
संगठन में उनकी लगातार सक्रियता, छात्रहित के मुद्दों पर संघर्ष तथा मजबूत संगठनात्मक पकड़ को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिलाध्यक्ष नियुक्त होने के बाद अल्पेश गोस्वामी ने एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ सहित शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। साथ ही पूर्व कैबिनेट मंत्री उदयलाल आंजना, निवर्तमान नगर परिषद सभापति संदीप शर्मा, डेयरी चेयरमैन बद्रीलाल जाट सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं का भी धन्यवाद ज्ञापित किया।
