भीलवाड़ा में अंबेडकर जयंती पर भव्य आयोजन, 135 किलो का केक काटकर मनाया जन्मोत्सव

भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर शहर में विभिन्न कार्यक्रमों के साथ भव्य आयोजन किया गया। भीलवाड़ा सेवा संस्था एवं अंबेडकर सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 135 किलो का केक काटकर बाबा साहेब का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान उपस्थित अतिथियों, समाजसेवियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने बाबा साहेब को नमन करते हुए उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम स्थल पर “जय भीम” के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह उत्साह और श्रद्धा से ओतप्रोत रहा।

इस अवसर पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने बाबा साहेब के जीवन संघर्ष, उनके सामाजिक योगदान एवं संविधान निर्माण में उनकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब ने समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को मुख्यधारा में लाने के लिए जो संघर्ष किया, वह आज भी हर व्यक्ति के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार बताते हुए युवाओं से अधिक से अधिक शिक्षित होकर समाज के विकास में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने बाबा साहेब के विचारों—समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व—को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। साथ ही समाज में फैली कुरीतियों को समाप्त कर आपसी भाईचारे और सद्भाव को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष चांदमल डीडवानिया , जीएसटी के असिस्टेंट कमिश्नर राकेश खोईवाल, राष्ट्रीय आदिवासी एकता मंच के राष्ट्रीय महासचिव राकेश मीणा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने और एक समतामूलक समाज के निर्माण का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया गया।