पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। जीवन वाहिनी 108 एंबुलेंस की तत्परता और सूझबूझ से एक गर्भवती महिला व उसकी नवजात बेटी की सुरक्षित जान बच गई। अस्पताल ले जाते समय बीच रास्ते में प्रसव पीड़ा अचानक तेज होने पर एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया गया, जहां महिला ने एक स्वस्थ बेटी को जन्म दिया।
जानकारी के अनुसार 108 एंबुलेंस संख्या RJ-14 PD 7108 कुम्हारिया खेड़ा निवासी गर्भवती गोटिया देवी को महात्मा गांधी अस्पताल लेकर जा रही थी। रास्ते में प्रसव पीड़ा असहनीय होने पर ईएमटी मनोज जोशी ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एंबुलेंस को सुरक्षित स्थान पर रुकवाया और तत्काल आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया अपनाते हुए सफलतापूर्वक प्रसव कराया। इस दौरान एंबुलेंस पायलट समीर ने भी पूरी तत्परता से सहयोग किया।
सुरक्षित प्रसव के बाद जच्चा और नवजात दोनों स्वस्थ पाए गए। इसके बाद टीम ने दोनों को महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मां और बेटी दोनों को पूरी तरह स्वस्थ बताया।
इस मानवीय सेवा से अभिभूत परिजनों ने 108 एंबुलेंस टीम के ईएमटी मनोज जोशी और पायलट समीर का आभार व्यक्त करते हुए उनकी त्वरित कार्रवाई और समर्पित सेवा की सराहना की।
