आमली बड़ा खेड़ा में पैंथर ने किया महिला पर हमला, पैंथर से भिड़ी महिला, दांतली से वार कर बचाई जान, महिला हुई लहूलुहान

गंगापुर – आमली ग्राम पंचायत के बड़ा खेड़ा में रविवार सुबह एक महिला अपने खेत में गेहूं की फसल काटने के लिए पहुंची की खेत में बैठे हुए पैंथर ने महिला पर हमला कर दिया। महिला ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए पैंथर के हमले को नाकाम कर दिया। समता देवी पत्नी किशन लाल जाट उम्र 45 अपने खेत पर गेहूं की फसल काटने के लिए खेत में पहुंची ओर तभी खेत में घात लगाए बैठे पेंथर ने अचानक हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले से घबराने के बजाय समता ने हिम्मत दिखाई। उनके हाथ में फसल काटने की दांतली थी, जिससे उन्होंने लेपर्ड पर जोरदार वार किया और शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण लाठियां लेकर मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों की भारी भीड़ और शोर-शराबा देखकर पैंथर जंगल की ओर भाग निकला।

घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेजा

घटना के तुरंत बाद लहूलुहान हालत में ग्रामीणों ने समता को आमली के स्थानीय चिकित्सालय पहुँचाया। डॉक्टरों के अनुसार, हमले में महिला के हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर पैंथर के नाखून से चोटें आई हैं, लेकिन समय पर उपचार के बाद महिला को
छुट्टी दे दी गई।

गांव और आसपास के इलाको में फैली दहशत

इस घटना के बाद से ही गांव और आसपास के इलाकों में पैंथर की दहशत फैल गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाकर पैंथर को पकड़ने की मांग की। मौके पर वन विभाग की टीम पहुंची। और पैंथर को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की।