आंगनबाड़ी केंद्र खोलने व लंबित समस्याओं के समाधान की मांग, ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन

सरथला, स्मार्ट हलचल। ग्राम पंचायत सरथला में आयोजित प्रशासनिक सेवा शिविर के दौरान वर्षों से लंबित मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपा। उपाध्यक्ष दुर्गा लाल बैरवा एवं जीएसएस अध्यक्ष राधेश्याम कंजर के नेतृत्व में ग्रामीणों ने शिविर प्रभारी शैतान सिंह मीणा को ज्ञापन देकर विभिन्न विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की मांग की।

ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत क्षेत्र लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है। कई बार संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो सका है।

ज्ञापन की प्रमुख मांगें

  • मधुपुरिया एवं लक्ष्मणगढ़ में नए आंगनबाड़ी केंद्र खोले जाएं।
  • सुई गांव में आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कराया जाए।
  • वार्ड संख्या 8 (एससी मोहल्ला) में अधूरी सड़क एवं नाली का निर्माण शीघ्र पूरा किया जाए।
  • पात्र परिवारों को आवासीय पट्टे जारी किए जाएं।
  • प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति एवं लंबित किस्तों का भुगतान किया जाए।
  • पूरे ग्राम पंचायत क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
  • वार्ड संख्या 4 (राजपुरा) स्थित श्मशान घाट के लिए छह वर्षों से लंबित भूमि आवंटन प्रक्रिया पूरी की जाए।
  • गुर्जर मोहल्ले में एमडीआर सड़क निर्माण के बाद नालियों का निर्माण कराया जाए।
  • राजपूत मोहल्ले में पेड़ों पर लटक रही विद्युत सर्विस लाइन को सुरक्षित करते हुए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जनहित से जुड़ी इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इस दौरान भीम आर्मी भारत एकता मिशन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सीताराम गुर्जर, रतन गुर्जर, विक्रम सिंह, कालू सिंह, लक्ष्मण गुर्जर, भागुता बैरवा, राजू बैरवा, कालू बैरवा, श्रीकिशन बैरवा, लाडूलाल बैरवा, सत्यनारायण गुर्जर, फोरू गुर्जर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।