मुख्य नाले से कनेक्टिविटी नहीं होने पर बरसात में जलभराव की जताई आशंका
चित्तौड़गढ़, 19 जून।स्मार्ट हलचल।ब्रह्मपुरी स्थित कनकविहार कॉलोनी के निवासियों ने क्षेत्र में निर्माणाधीन नाले की खामियों को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि नाले का निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे आगामी बरसात में जलभराव और जल निकासी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में बनाए जा रहे नाले को नियोजित रूप से मुख्य बरसाती नाले से नहीं जोड़ा गया है। कॉलोनीवासियों के अनुसार नाले को आगे एक गली से होते हुए बरसाती नाले तक ले जाना था, लेकिन निर्माण कार्य बीच में ही रोक दिया गया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि नाले को मुख्य जल निकासी तंत्र से नहीं जोड़ा गया तो कॉलोनी की नालियों का पानी उचित निकासी नहीं होने के कारण क्षेत्र में जमा हो सकता है, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
कॉलोनीवासी पृथ्वीराज सिंह चौहान, आर.सी. पुरोहित, हर्षवर्द्धन सिंह राठौड़, राजेन्द्र जायसवाल, विजय खंडेलवाल, भरत (पिंटू) सहित अन्य निवासियों ने प्रशासन से मांग की कि नाले की कनेक्टिविटी शीघ्र बरसाती नाले से करवाई जाए तथा जब तक यह कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक कॉलोनी की अन्य नालियों को निर्माणाधीन नाले से नहीं जोड़ा जाए।
ग्रामीणों एवं कॉलोनीवासियों ने जनहित को देखते हुए मामले में तकनीकी निरीक्षण करवाकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है।
