जितेन्द्र गौड़
लाखेरी – स्मार्ट हलचल|बूंदी जिले से निकल रहें स्टेट हाइवे -34 पर तहसील नैनवां के पीपल्या गांव के पास सड़क किनारे एनिकट बना हुआ है। इस एनिकट के पानी का निकास सीधा सड़क पर है। वर्षाकाल में यहां पर हर वर्ष पानी बहाव के कारण सड़क मार्ग अवरूद्ध होता है। इस वर्ष भी यही स्थिति बनी है। गत वर्ष इस स्थान पर छोटी पुलिया निर्माण करवाने हेतु मूलचंद शर्मा समाजसेवी एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा भी सार्वजनिक निर्माण विभाग, प्रशासन, सार्वजनिक निर्माण मंत्री, मुख्यमंत्री एवं लोकसभाध्यक्ष से मांग कर समस्या के समाधान हेतु निवेदन किया गया है।
गत वर्ष पूर्व सड़क के ऊपर एनिकट के वेस्ट वेयर वाली जगह पर भी सी.सी. का कार्य किया गया है। इस वर्षाकाल में एनिकट का पानी वेस्ट वेयर से पानी की निकासी पर निर्मित सी.सी.सडक पानी के साथ बह गयी है। एनिकट के वेस्ट वेयर के दोनों तरफ टूटी हुई सी.सी.के कारण वाहनों को निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में सड़क के ऊपर निर्मित सी.सी.को दोनों तरफ छिलवाकर तत्काल सुगम रास्ता बनवाए जाने की मांग दोहराई जा रही है। सार्वजनिक निर्माण विभाग एवं प्रशासन द्वारा पुनः उच्चाधिकारियों को एवं सक्षम स्तर पर प्रस्ताव भिजवाकर पीपल्या के पास स्टेट हाइवे -34 पर सड़क मार्ग को दुरस्थ एवं पुलिया निर्माण की स्वीकृति जारी करवाने की जरूरत है। इस स्थल पर पानी बहाव व टूटी सड़क पर कभी भी दुर्घटना घटित हो सकती है। सम्बन्धित विभाग एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा तत्काल आवश्यक कार्यवाही की जरूरत है। आम जनता को जन-धन हानि से बचाने एवं सुगम सड़क मार्ग बनवाया जाकर राहत प्रदान करवाने की मांग की जनप्रतिनिधियों एवं सम्बंधित विभाग तथा सरकार से की जा रही है।