बी एम राठौर
सांगोद 2 अप्रैल सांगोद (कोटा): स्मार्ट हलचल|नगर कांग्रेस कमेटी सांगोद द्वारा नगर अध्यक्ष मनोज सुवालका के नेतृत्व में कस्बे में कुछ दिनों से से बंद पड़ी अन्नपूर्णा (इंदिरा) रसोई योजना को पुनः सुचारू रूप से संचालित करवाने के लिए नगर पालिका प्रशासक माननीय उपखंड अधिकारी सपना कुमारी जी के नाम तहसीलदार जतिन कुमार जी दिनकर को एक ज्ञापन सौंपा गया। नगर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज सुवालका, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मिर्जा शकील अहमद, पूर्व नगर अध्यक्ष राजेंद्र गहलोत एवं जिला कांग्रेस सचिव अफसार प्रधान ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही गरीबों को भोजन उपलब्ध कराने वाली इस योजना को शुरू नहीं किया गया, तो संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि राजस्थान सरकार की ‘कोई भी भूखा न सोए’ की संकल्पना को साकार करने वाली इंदिरा(अन्नपूर्णा) रसोई योजना वर्तमान में सांगोद में दम तोड़ रही उन्होंने बिंदुवार बताया कि।
* व्यवस्था ठप होने का कारण: सराफा बाजार और सब्जी मंडी स्थित रसोइयों में एलपीजी गैस सिलेंडरों की किल्लत और ठेकेदार द्वारा भुगतान न किए जाने के कारण संचालन पूरी तरह बंद है।
* गरीबों पर संकट: वर्तमान में फसल कटाई का सीजन होने के कारण कस्बे में बड़ी संख्या में श्रमिक और मजदूर आ रहे हैं। रसोई बंद होने से इन गरीब लोगों और राहगीरों के सामने दो वक्त की रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
* प्रशासन से मांग: कांग्रेस कमेटी ने मांग की है कि प्रशासन हस्तक्षेप कर तकनीकी और आर्थिक बाधाओं को दूर करे और मात्र 8 रुपये में मिलने वाले इस पौष्टिक भोजन की व्यवस्था को अविलंब बहाल करे।
लोकतांत्रिक विरोध की चेतावनी
नगर कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया कि जनहित के इस मुद्दे पर किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि प्रशासन ने जल्द ही रसोई के चूल्हे दोबारा नहीं जलवाए, तो कांग्रेस कमेटी आमजन के साथ मिलकर सड़कों पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करेगी।
इस अवसर पर नगर प्रभारी जगदीश नागर, नगर संगठन महामंत्री निरंजन जैन, युवा कांग्रेस प्रदेश समन्वयक आशीष गोचर, ब्लॉक उपाध्यक्ष मोहम्मद इब्राहिम, अंकुश शर्मा, नगर महासचिव मोहम्मद शरीफ, नगर सचिव सलीम अंसारी, पूर्व नगर कोषाध्यक्ष मुसव्विर खान, नगर मीडिया प्रभारी असगर अंसारी, नगर सचिव इकबाल सिंगीवाला, युवा नेता सलामुद्दीन, नगर महासचिव दिलीप सेन सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
