लाडपुरा, 15 जून 2026।स्मार्ट हलचल।श्री बाणमाता शक्तिपीठ प्रबंध एवं विकास संस्थान की वार्षिक आमसभा अमावस्या के पावन अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष अशोक कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस दौरान मंदिर के विकास कार्यों को गति देने और वित्तीय प्रबंधन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
आमसभा के इस विशेष अवसर पर पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं की मौजूदगी में मंदिर का मुख्य दानपात्र भी खोला गया। दान राशि की पूरी पारदर्शिता के साथ गिनती करने पर कुल 8,30,326 रुपये (आठ लाख तीस हजार तीन सौ छब्बीस रुपये) की सहयोग राशि प्राप्त हुई है।
संस्थान प्रबंधन की ओर से जानकारी दी गई कि दानपात्र से प्राप्त यह संपूर्ण राशि मंदिर के आगामी भव्य विकास कार्यों, सुंदरीकरण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार में खर्च की जाएगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में विकास संस्थान के सभी पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्र के श्रद्धालु उपस्थित रहे।
