एएनटीएफ का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, ब्यावर से 85.380 किलो अफीम बरामद

मेवाड़ से मारवाड़ पहुंचने से पहले पकड़ी गई नशे की बड़ी खेप, 4.30 करोड़ की अफीम जब्त

अनिल कुमार

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्यावर जिले के जैतारण थाना क्षेत्र से 85.380 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक स्कॉर्पियो-एन वाहन और छह फर्जी नंबर प्लेट जब्त की गईं। वहीं हनुमानगढ़ जिले में अलग कार्रवाई करते हुए 23 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। दोनों कार्रवाइयों में जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 4 करोड़ 30 लाख रुपए बताई गई है।

एएनटीएफ महानिरीक्षक पुलिस शरत कविराज ने बताया कि महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा और अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एमएन के मार्गदर्शन में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।

नाकाबंदी तोड़ भागे तस्कर, टायर फटने के बाद भी दौड़ाई कार

ब्यावर जिले में एएनटीएफ टीम को सूचना मिली थी कि काले रंग की स्कॉर्पियो-एन में भारी मात्रा में अफीम मेवाड़ से जोधपुर की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने नेशनल हाईवे-25 पर बिन्नावड़ी के पास नाकाबंदी की।

कुछ देर बाद संदिग्ध स्कॉर्पियो-एन आती दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया। टीम ने स्टॉप स्टिक की मदद से वाहन के टायर क्षतिग्रस्त कर दिए, इसके बावजूद चालक वाहन को हाईवे से हटाकर खिन्नावड़ी-फुलमाल की ओर भगाता रहा।

एएनटीएफ टीम ने पीछा जारी रखा और स्थानीय पुलिस को भी सूचना दी। सुनसान स्थान पर पहुंचने के बाद वाहन में सवार लोग कार छोड़कर खेतों और बबूल के जंगल की ओर फरार हो गए। अंधेरे के कारण आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग सके।

सीट के नीचे छिपाकर रखी थी अफीम

स्थानीय पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो बीच वाली सीट के नीचे पैर रखने की जगह में छिपाकर रखे प्लास्टिक के कट्टे और कपड़े का थैला मिला। तलाशी में पारदर्शी प्लास्टिक की थैलियों में 85.380 किलो अफीम बरामद हुई। इसके अलावा वाहन से अलग-अलग रजिस्ट्रेशन नंबरों की कुल छह नंबर प्लेट भी मिलीं।

बरामद नंबर प्लेटों में GJ-06-PS-2552, RJ-09-UB-1764 और RJ-06-UC-4487 की दो-दो प्लेट शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, अलग-अलग नंबर प्लेट रखकर वाहन की पहचान बदलने और पुलिस की निगरानी से बचने की तैयारी की गई थी।

हनुमानगढ़ में 23 किलो डोडा पोस्त बरामद

दूसरी कार्रवाई हनुमानगढ़ जिले के तलवाड़ा थाना क्षेत्र में की गई। एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि खिनानियां रेलवे स्टेशन के पास दो युवक संदिग्ध सामग्री लेकर खेतों की ओर जा रहे हैं। सूचना स्थानीय पुलिस से साझा कर संयुक्त कार्रवाई की गई।

खिनानियां से चक 17 केएनएन जाने वाली सड़क पर दो युवक सफेद प्लास्टिक के कट्टे लेकर आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों खेतों की ओर भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम रवि और भाल सिंह बताया। तलाशी लेने पर उनके पास से 23 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि पुत्र फूमण, उम्र 24 वर्ष, निवासी सुरेवाला, थाना टिब्बी, जिला हनुमानगढ़ और भाल सिंह पुत्र बग्गा सिंह, उम्र 28 वर्ष, निवासी चक 11 सीडीआर नाईवाला, थाना टिब्बी, जिला हनुमानगढ़ के रूप में हुई है।

दोनों कार्रवाइयों में एएनटीएफ टीम के साथ संबंधित स्थानीय पुलिस की विशेष भूमिका रही। एएनटीएफ महानिरीक्षक शरत कविराज ने कार्रवाई में शामिल टीमों को विशेष कार्यक्रम में सम्मानित करने की बात कही है।