स्वतंत्रता दिवस पर ANTF का बड़ा धमाका; राजस्थान व मध्यप्रदेश में 16 से अधिक मुकदमों में वांटेड, पुलिस पर फायरिंग और NDPS के दर्जनों संगीन मामले दर्ज

स्वतंत्रता दिवस पर ANTF का बड़ा धमाका; राजस्थान व मध्यप्रदेश में 16 से अधिक मुकदमों में वांटेड, पुलिस पर फायरिंग और NDPS के दर्जनों संगीन मामले दर्ज

भीलवाड़ा/उदयपुर (स्मार्ट हलचल/

पुनित चपलोत)

भीलवाड़ा/उदयपुर (स्मार्ट हलचल/स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान और मध्य प्रदेश में सक्रिय डोडा-चूरा तस्करी के मुख्य सूत्रधार पप्पूलाल उर्फ पप्पू को गिरफ्तार कर लिया है। पिछले 6 वर्षों से फरार चल रहे इस कुख्यात तस्कर पर विभिन्न जिलों के पुलिस अधीक्षकों की ओर से कुल 65 हजार रुपये का इनाम घोषित था। ANTF की विशेष टीम ने उसे उदयपुर के सेलिब्रेशन मॉल से उस समय दबोचा, जब वह आम ग्राहकों के बीच खरीदारी कर रहा था।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई

ANTF महानिरीक्षक पुलिस शरत कविराज ने बताया कि यह महत्वपूर्ण कार्रवाई महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एमएन और महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार के कुशल मार्गदर्शन में अंजाम दी गई। पकड़ा गया आरोपी पप्पूलाल उर्फ पप्पू (33) पुत्र बाबूलाल उर्फ बाबरूलाल, निवासी हांडीपुरा, थाना रतनगढ़, जिला नीमच (मध्यप्रदेश) का रहने वाला है।

मजदूरी से तस्करी तक का सफर, 16 से ज्यादा संगीन केस

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि 12वीं तक पढ़ा आरोपी खेती-बाड़ी में पर्याप्त आय न होने पर तस्करों के संपर्क में आया। वर्ष 2018 में मध्यप्रदेश के सिंगोली थाने में उसके खिलाफ NDPS एक्ट का पहला मामला दर्ज हुआ था और वह 1 साल जेल में रहा। वर्ष 2021 में बेगूं (चित्तौड़गढ़) थाने में दर्ज मामले के बाद से वह लगातार फरार था। उसके खिलाफ NDPS एक्ट, आर्म्स एक्ट, जानलेवा हमला और पुलिस पर फायरिंग सहित 16 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

💰 आरोपी पर घोषित था कुल ₹65,000 का इनाम:

  • भीलवाड़ा एसपी: ₹25,000
  • चित्तौड़गढ़ एसपी: ₹25,000
  • नीमच एसपी (म.प्र.): ₹10,000
  • नागौर एसपी: ₹5,000

मोबाइल छोड़ा, बसों से सफर; मॉल में बिछाया गया जाल

पुलिस से बचने के लिए आरोपी मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करता था और केवल बसों में सफर करता था। ANTF को मुखबिर से उदयपुर में उसकी मौजूदगी की सटीक सूचना मिली। टीम ने सेलिब्रेशन मॉल में सादा कपड़ों में खरीदार बनकर घेराबंदी की और भागने का मौका दिए बिना उसे धर दबोचा।