एएनटीएफ का डबल अटैक: पाली में एमडी, बीकानेर में डोडा-चूरा बरामद

• घर और होटल में चल रहा था नशे का अवैध कारोबार, दो आरोपी गिरफ्तार

जयपुर, 07 जून।स्मार्ट हलचल।राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा प्रदेशभर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पाली और बीकानेर जिलों में दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। दोनों मामलों में दो आरोपियों को दस्तयाब कर मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
महानिरीक्षक पुलिस एएनटीएफ श्री विकास कुमार ने बताया कि महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एएनटीएफ टीमों ने पाली और बीकानेर में दो अलग-अलग अभियानों के दौरान महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।
*पाली में घर के अंदर चल रहा था एमडी का खेल*
​एएनटीएफ की टीम को खुफिया इनपुट मिला था कि पाली जिले के माण्डीगढ़ गांव में नरेश और सुभाष प्रजापत अपने घर से ही अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई चेन चला रहे हैं। सूचना पुख्ता होने पर एएनटीएफ ने स्थानीय सादड़ी थाना पुलिस को साथ लेकर तड़के माण्डीगढ़ में नरेश प्रजापत के मकान पर दबिश दी। पुलिस जाप्ते को अचानक सामने देखकर आरोपी नरेश पसीना-पसीना हो गया और घबराने लगा। जब घर के एक बंद कमरे का ताला खुलवाकर तलाशी ली गई, तो वहां से 6 प्लास्टिक की थैलियों में छुपाकर रखी गई 100.86 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स और 09.11 ग्राम एमडी में मिलाने वाला मिलावटी पाउडर बरामद हुआ। पुलिस ने नशीला पदार्थ जब्त कर आरोपी नरेश प्रजापत (32) को गिरफ्तार कर लिया।
*​बीकानेर में टोल प्लाजा के पास होटल पर रेड, प्रशिक्षित डॉग ने खोजी खेप*
​एएनटीएफ को दूसरी बड़ी सफलता बीकानेर में जयपुर-जोधपुर बाईपास टोल प्लाजा के पास स्थित जगदम्बा होटल में मिली। होटल संचालक परमाराम जाट (45) निवासी सुरनाणा थाना लूणकरणसर के अवैध गतिविधियों में लिप्त होने की सटीक सूचना पर जेएनवीसी थाना पुलिस के सहयोग से होटल पर छापा मारा गया।
इस दौरान होटल के बाहर बने छपरे में बैठा संदिग्ध परमाराम पुलिस को देखकर प्लास्टिक का कट्टा समेटकर भागने लगा, जिसे टीम ने प्रशिक्षित खोजी डॉग की मदद से तत्परता से दबोच लिया।जब कट्टे व परिसर की जांच की गई, तो उसमें से 01.750 किलोग्राम अवैध डोडा-चूरा और मादक पदार्थ की बिक्री से अर्जित 11,000 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को मौके से दस्तयाब कर लिया है।
*नशे के नेटवर्क पर लगातार वार*
एएनटीएफ की इन दोनों कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि राज्य में नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। बरामद मादक पदार्थों के स्रोत, सप्लाई चेन और तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों के संबंध में गहन अनुसंधान जारी है।
महानिरीक्षक पुलिस श्री विकास कुमार ने दोनों कार्रवाइयों में शामिल एएनटीएफ, थाना सादड़ी और थाना जेएनवीसी की टीमों की सराहना करते हुए बताया कि संबंधित टीमों को विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।

————-