(पंकज पोरवाल)
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल।अग्रवाल समाज के राष्ट्रीय संगठन अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की प्रदेश इकाई दक्षिण-पश्चिम राजस्थान अग्रवाल सम्मेलन के प्रदेश महामंत्री पद पर भीलवाड़ा निवासी एवं सक्रिय समाजसेवी अमित नागौरी की नियुक्ति की गई है। यह नियुक्ति राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रसन्न मित्तल तथा राष्ट्रीय मंत्री गोपाल गोयल द्वारा उनके लंबे समय से समाज हित में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों, संगठनात्मक अनुभव एवं कार्यकुशलता को ध्यान में रखते हुए की गई है। अमित नागौरी पिछले कई वर्षों से अग्रवाल समाज के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उन्होंने जिले से लेकर प्रदेश स्तर तक समाज को संगठित करने, युवाओं को जोड़ने तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े अनेक कार्यक्रमों के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए राष्ट्रीय नेतृत्व ने उन्हें प्रदेश महामंत्री जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इस नियुक्ति की घोषणा होते ही भीलवाड़ा सहित पूरे प्रदेश के अग्रवाल समाज में हर्ष का माहौल बन गया। समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं अग्रबंधुओं ने अमित नागौरी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संगठन को प्रदेश में नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उल्लेखनीय है कि यह लगातार तीसरा अवसर है जब भीलवाड़ा जिले के किसी अग्रबंधु को अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की प्रदेश इकाई में प्रदेश महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी मिली है। इससे जिले के अग्रवाल समाज का संगठन में बढ़ता प्रभाव भी परिलक्षित होता है। नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री अमित नागौरी ने अपनी नियुक्ति पर राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे संगठन की राष्ट्रीय योजनाओं एवं उद्देश्यों को प्रदेशभर में प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर पूरी निष्ठा एवं समर्पण से कार्य करेंगे। इस अवसर पर समाज के अनेक गणमान्य नागरिकों, पदाधिकारियों एवं शुभचिंतकों ने अमित नागौरी को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन प्रदेश में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
