नशे की लत पूरी करने के लिए बुजुर्ग से मोबाइल छीना, आरोपी मुकेश गिरफ्तार

अनिल कुमार

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|बर बस स्टैंड पर 73 वर्षीय बुजुर्ग की जेब से मोबाइल छीनकर फरार हुए आरोपी को बर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी मुकेश पुत्र भीखाराम, उम्र 33 वर्ष, निवासी बिराटिया कला, थाना बर, जिला ब्यावर के कब्जे से छीना गया ओपो ए18 मोबाइल भी बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए वारदात को अंजाम देता था।पुलिस महानिरीक्षक अजमेर रेंज अजमेर डॉ. रवि सभरवाल आईपीएस के आदेशानुसार तथा जिला पुलिस अधीक्षक ब्यावर रतनसिंह आईपीएस के निर्देशन में कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्यावर डॉ. अनुकृति उज्जैनिया एवं वृत्ताधिकारी रायपुर बंशीलाल पाण्डर आरपीएस के निकटतम सुपरविजन में बर थाना पुलिस ने आरोपी को दस्तयाब कर गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार 16 अगस्त 2026 को बिराटिया खुर्द निवासी पूराराम पुत्र गुमानराम, उम्र 73 वर्ष ने बर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि वह बर से निमाज अस्पताल जाने के लिए बस स्टैंड पहुंचा था। बस में चढ़ने के दौरान अज्ञात व्यक्ति उसकी पेंट की जेब से ओपो ए18 मोबाइल निकालकर छीन ले गया और डाक बंगला बर की गली की ओर फरार हो गया। रिपोर्ट पर थाना बर में प्रकरण संख्या 127/2026, धारा 304(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने पूर्व में मोबाइल झपटमारी एवं चोरी के मामलों में संदिग्ध एवं चालानशुदा आरोपियों की जानकारी जुटाने के साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया। पुलिस को आरोपी के संबंध में पुख्ता जानकारी मिलने पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने प्रकरण में शत-प्रतिशत माल मशरूका बरामद कर लिया है।

आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मुकेश के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न थानों में चोरी, आबकारी अधिनियम, राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज रहे हैं। आरोपी के विरुद्ध थाना रायपुर, थाना ब्यावर सिटी, थाना जैतारण तथा थाना कोतवाली नागौर में मामले दर्ज होने का उल्लेख पुलिस रिकॉर्ड में है।

यह रही पुलिस टीम

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में पन्नालाल उप निरीक्षक, थानाधिकारी पुलिस थाना बर; नन्दकिशोर सिंह सहायक उप निरीक्षक, पुलिस थाना बर; सुनील कांस्टेबल 608, पुलिस थाना बर तथा नन्दलाल कांस्टेबल, पुलिस थाना बर शामिल रहे। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण एवं सूचना संकलन के आधार पर कार्रवाई करते हुए मोबाइल बरामद करने में सफलता हासिल की।