सांवरमल शर्मा
आसींद । आसींद क्षेत्र में पिछले 4 वर्षों से लंबित नेशनल हाईवे 158 के 700 मीटर अधूरे सड़क मार्ग के निर्माण को लेकर अब उम्मीद की किरण जगी है। प्रेस क्लब आसींद द्वारा इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद प्रशासन और विभाग हरकत में आया है।
विधायक ने लगाई अधिकारियों को फटकार
आसींद विधायक जब्बर सिंह सांखला ने सड़क निर्माण में हो रही अत्यधिक देरी पर कड़ा संज्ञान लिया। विधायक ने उपखंड अधिकारी (SDM) परमजीत सिंह की मौजूदगी में नेशनल हाईवे अथॉरिटी (NHAI) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर (PD) राकेश कुमार और अन्य अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। बैठक के दौरान विधायक ने निर्माण कार्य में लापरवाही और देरी को लेकर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
धरने पर बैठे लोगों के बीच पहुंचे अधिकारी
गौरतलब है कि इस 700 मीटर के टुकड़े के निर्माण और गुणवत्ता में अनियमितताओं को लेकर पिछले कुछ दिनों से स्थानीय नागरिक और प्रेस क्लब आसींद के सदस्य अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे थे। विधायक सांखला NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर को सीधे धरना स्थल पर लेकर पहुंचे, जहां अधिकारियों ने ग्रामीणों और प्रदर्शनकारियों के सामने अपनी गलती स्वीकार की।
निर्माण के लिए तय हुई समय-सीमा
अधिकारियों ने विधायक और जनता के बीच लिखित में भरोसा दिलाया कि अब काम युद्धस्तर पर किया जाएगा। निर्माण के लिए निम्नलिखित समय-सीमा (Timeline) तय की गई है:
7 दिन के भीतर: 150 मीटर के टुकड़े का काम शुरू कर पूरा किया जाएगा।
15 दिन के भीतर: सड़क के दोनों साइडों को दुरुस्त करने का कार्य पूरा होगा।
3 महीने के भीतर: पूरी 700 मीटर सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण कर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
बैठक और धरने के दौरान बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, प्रेस क्लब के पदाधिकारी और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। विधायक ने स्पष्ट किया कि यदि तय समय में काम पूरा नहीं हुआ, तो आगे और भी कड़े कदम उठाए जाएंगे।
