दिनेश साहू
आसींद, स्मार्ट हलचल। क्षेत्र के रेबारीयों की ढाणी से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है। गुरुवार को कुएं में गिरने से महिला की मौत के बाद उसके अंतिम संस्कार के महज एक घंटे बाद सदमे में पति की भी मृत्यु हो गई।
जानकारी के अनुसार रेबारीयों की ढाणी निवासी नेता रेबारी मंगलवार शाम से लापता थी। परिजनों ने बताया कि वह खेत पर गेहूं की पिलाई के लिए गई थी, लेकिन उसके बाद घर नहीं लौटी। गुरुवार सुबह खेत पर स्थित कुएं में महिला का शव दिखाई दिया, जिसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी।
सूचना पर आसींद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर आसींद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद गांव रेबारीयों की ढाणी में महिला का अंतिम संस्कार किया गया।
पत्नी नेता रेबारी के निधन से गहरा आघात झेल रहे पति धर्मा रेबारी 70 वर्ष पत्नी के अंतिम संस्कार के करीब एक घंटे बाद अचानक अस्वस्थ हो गए। परिजन उन्हें संभाल पाते, इससे पहले ही सदमे के कारण उनका निधन हो गया।
इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। एक ही दिन में पति-पत्नी की मृत्यु से क्षेत्र में मातम छा गया है।


