अतिक्रमण हटाने गई टीम पर भारी पथराव, पुलिस ने 4-5 लोगों को लिया हिरासत में

सुरेश चंद्र मेघवंशी
आसींद । आसींद क्षेत्र में सोमवार को मालासेरी रोड स्थित कानपुरा चौराहे पर उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब नगर पालिका की टीम द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने पथराव कर दिया। हमले में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (EO) और अन्य कार्मिकों को निशाना बनाया गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

कार्रवाई के दौरान बिगड़े हालात

जानकारी के अनुसार, नगर पालिका की टीम जेसीबी मशीनों के साथ कानपुरा चौराहे पर अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त करने पहुंची थी। जैसे ही टीम ने कार्रवाई शुरू की, वहां मौजूद भीड़ उग्र हो गई और नगर पालिका के वाहनों व कार्मिकों पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। हमले में जेसीबी मशीनों को भी निशाना बनाया गया

कई हिरासत में

घटना की गंभीरता को देखते हुए आसींद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। हालात बेकाबू होते देख अतिरिक्त पुलिस जाब्ता भी मंगवाया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से 4-5 उपद्रवियों को हिरासत में लिया । तनावपूर्ण माहौल के बीच प्रशासन मुस्तैद बना हुआ है। मौके पर स्वयं: जय सिंह चौहान (तहसीलदार)
विकास कुमावत (अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका)
आसींद पुलिस थाना अधिकारी और भारी पुलिस बल मौजूद रहा । अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है ।