बूंदी- स्मार्ट हलचल|जिले के तालेड़ा थाना क्षेत्र के बरुधन कस्बे में बीती रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। घर के बाहर चारपाई पर सो रही एक महिला पर बदमाशों ने कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर मंगलसूत्र लूट लिया। घायल महिला को लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।तालेड़ा थाना प्रभारी देशराज ने बताया कि घटना देर रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। बरुधन कस्बे में अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रही महिला पर अचानक अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने कुल्हाड़ी से महिला के गले के पास वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई.
हमले के दौरान महिला की चीख पुकार सुनकर पास ही सो रहे उसके पति रामावतार मेघवाल की नींद खुल गई। जब उन्होंने अपनी पत्नी को देखा तो वह खून से लथपथ हालत में पड़ी थी। उसे तुरंत उपचार के लिए तालेड़ा अस्पताल ले जाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही
तालेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। कार्यवाहक थाना प्रभारी देशराज ने बताया कि महिला के पति रामावतार मेघवाल ने थाने में रिपोर्ट दी है, जिसमें अज्ञात हमलावरों द्वारा कुल्हाड़ी से वार करने का आरोप लगाया गया।
रिपोर्ट में बताया गया कि वह और उसकी पत्नी घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। तभी रात के अंधेरे में अज्ञात हमलावरों ने उसकी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हालांकि सुबह होने पर मामले में लूट का पहलू सामने आया। महिला के पति ने आज सुबह पुलिस को उसकी पत्नी के गले से सोने का मंगलसूत्र लूटे जाने का भी आरोप लगाया। पीड़ित के पति रामावतार मेघवाल ने बताया कि लूट की नीयत से ही देर रात बदमाशों ने उसकी पत्नी को निशाना बनाया।
