बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल कीमतों का हवाला देकर प्रति सवारी 5 रुपए बढ़ोतरी की मांग
चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल. ऑटो रिक्शा चालक यूनियन (इंटक) द्वारा मंगलवार को जिला कलक्टर चित्तौड़गढ़ को ज्ञापन सौंपकर ऑटो किराया राशि में बढ़ोतरी की मांग की गई। यूनियन पदाधिकारियों ने बढ़ती महंगाई एवं पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए प्रति सवारी किराए में 5 रुपए बढ़ाने की मांग उठाई।
ज्ञापन में बताया गया कि चित्तौड़गढ़ एक प्रमुख पर्यटन स्थल है तथा दुर्ग को हेरिटेज में शामिल किए जाने के कारण यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक एवं दर्शनार्थी आते हैं। पर्यटक किले सहित शहर के विभिन्न स्थलों तक पहुंचने के लिए बड़ी संख्या में ऑटो रिक्शा सेवाओं का उपयोग करते हैं।
यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में शहर में करीब 3000 से 4000 ऑटो चालक ऑटो संचालन के माध्यम से अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। वर्ष 2019 में प्रशासन की सहमति से ऑटो किराए में बढ़ोतरी की गई थी, जिसमें प्रति व्यक्ति किराया 10 रुपए से बढ़ाकर 20 रुपए निर्धारित किया गया था।
यूनियन का कहना है कि पिछले कई वर्षों में महंगाई लगातार बढ़ी है तथा तेल की कीमतों में भारी वृद्धि हुई है, लेकिन इसके बावजूद किराए में कोई संशोधन नहीं किया गया। ऐसे में वर्तमान किराया राशि में ऑटो चालकों के लिए परिवार का पालन-पोषण करना कठिन होता जा रहा है।
इसी को देखते हुए यूनियन ने पूर्व निर्धारित किराया राशि में प्रति सवारी 5 रुपए बढ़ाने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष अयुब अली, जिला उपाध्यक्ष मुश्ताक अली, नगर अध्यक्ष शंकर राव, सलाहकार रूस्तम खान, उपाध्यक्ष राकेश पटवा, सुल्तान, बंटी बसोड़, मुकेश, प्रकाश दास, मुन्ना खान, रतन, शैतान सिंह, प्रकाश राव, अजीज खान, दुर्गेश, मुकेश जायसवाल सहित कई ऑटो चालक उपस्थित रहे।
