45.330 किलो डोडा पोस्त के साथ तस्कर गिरफ्तार

 

ब्यावर सिटी पुलिस व जिला स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई, तस्करी में प्रयुक्त वरना कार जब्त

अनिल कुमार

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ब्यावर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 45.330 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त हुंडई वरना कार भी जब्त की है।जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया एवं वृत्ताधिकारी ब्यावर शहर नरेन्द्र कुमार पारीक के निकट सुपरविजन में जिला स्पेशल टीम और थाना ब्यावर सिटी पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार 24 अगस्त को जिला स्पेशल टीम को सूचना मिली कि विजयनगर की ओर से एक सफेद रंग की हुंडई वरना कार में भारी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त लाया जा रहा है। सूचना पर टीम ने संदरिया पुलिया के पास नाकाबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध कार पुलिस को देखकर ब्यावर सिटी की ओर भागने लगी। बलाड़ रोड पर पहले से मौजूद ब्यावर सिटी थाना पुलिस की नाकाबंदी के चलते कार को घेरकर रोक लिया गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने कार छोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। कार की तलाशी लेने पर डिक्की से 45.330 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ सहित कार जब्त कर सम्पत गहलोत पुत्र सोनाराम गहलोत, उम्र 30 वर्ष, निवासी जालिवाड़ा खुर्द, थाना पीपाड़ सिटी, जिला जोधपुर को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपी से मादक पदार्थ की तस्करी के नेटवर्क एवं इसके आगे-पीछे जुड़े लोगों के संबंध में पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है।

यह रही कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी ब्यावर सिटी आशुतोष पाण्डे, पुलिस निरीक्षक एवं प्रभारी जिला स्पेशल टीम ब्यावर राजदिपेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक डूंगरमल, सहायक उपनिरीक्षक रामजस, सहायक उपनिरीक्षक जितेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल भवानी सिंह (39), कांस्टेबल दिनेश (1560) तथा कांस्टेबल नरेन्द्रपाल (579) शामिल रहे।