(पंकज पोरवाल)
उपमहापौर राधेश्याम सोमानी का किया अभिनंदन, भक्त निवास निर्माण के लिए 12 लाख रुपए के सहयोग की घोषणा
भीलवाड़ा ।स्मार्ट हलचल|माहेश्वरी समाज की 14 गोत्रों की आराध्य कुलदेवी बधर माता के अश्विन शुक्ल सप्तमी पर आयोजित जागरण में भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। हरणी महादेव के पास स्थित निजी रिसोर्ट में सजे माता रानी के दरबार में जिलेभर के 618 परिवारों के 1000 से अधिक श्रद्धालु उमड़े। ज्योत प्रज्वलन, चौकी, भजन-कीर्तन और महाआरती के साथ धार्मिक आयोजन श्रद्धा और उल्लास से संपन्न हुआ। इस दौरान माता रानी के गोडले का आगमन भी हुआ, जहां चौकी के समय माता रानी के दर्शन कर भक्तों ने आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन में भक्त निवास निर्माण के लिए 12 लाख रुपए के आर्थिक सहयोग की घोषणा भी की गई। कुलदेवी बधर माता सेवा समिति के जिलाध्यक्ष एवं नगर निगम भीलवाड़ा के उपमहापौर राधेश्याम सोमानी ने बताया कि नवरात्र के अवसर पर माता रानी का भव्य दरबार सजाया गया। दोपहर से शुरू हुए धार्मिक कार्यक्रम देर तक चले। भजन गायिका पुष्पा गग्गड़ ने माता रानी के भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। ज्योत प्रज्वलित होने के बाद भक्तों ने माता रानी का आशीर्वाद लिया और परिवारों की सुख-समृद्धि की कामना की। जागरण के दौरान चतुर्थ चौकी भी आयोजित हुई तथा 41 कन्याओं को भोजन कराया गया। समिति के जिलाध्यक्ष राधेश्याम सोमानी के उपमहापौर निर्वाचित होने पर श्रद्धालुओं ने उनका पगड़ी पहनाकर और माल्यार्पण कर भावभीना स्वागत किया। कार्यक्रम के लिए हर्ष रिसोर्ट निशुल्क उपलब्ध कराने पर रामप्रसाद सोमानी और महेश सोमानी का मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर अभिनंदन किया गया। राष्ट्रीय ट्रस्ट के प्रचार-प्रसार मंत्री एवं मालेगांव निवासी पूरण मरदा अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनका तिलक लगाकर, उपरना ओढ़ाकर और मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। चित्तौड़गढ़ जिले में ताणा के पास स्थित कुलदेवी के विराजमान स्थल पर राष्ट्रीय ट्रस्ट की ओर से भक्त निवास का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए मंगरोप निवासी शंकरलाल सोमानी ने एक कमरे के निर्माण हेतु 11 लाख रुपए तथा भैरूलाल सोमानी ने एक लाख रुपए के आर्थिक सहयोग की घोषणा की। समिति की ओर से दोनों का स्वागत कर आभार व्यक्त किया गया। समिति के जिला मंत्री एवं मेवाड़ प्रांत के प्रचार मंत्री देवेंद्र सोमानी ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से युवाओं में कुलदेवी और परंपराओं के प्रति आस्था मजबूत होती है। साथ ही समाज के परिवारों को आपस में मिलने, जुड़ने और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने का अवसर मिलता है। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। कार्यक्रम में समिति के संरक्षक श्यामसुंदर सोमानी, राधाकिशन सोमानी, नवनीत सोमानी, लक्ष्मीनारायण सोमानी, बद्रीलाल सोमानी, बालमुकुंद सोमानी, बृजमोहन सोमानी, प्रभात सोमानी, अरुण सोमानी, कैलाश गदिया, ओमप्रकाश सोमानी, गोपाल सोमानी, सत्यनारायण सोमानी, भैरूलाल सोमानी, अनिल सोमानी, दिनेश छापरवाल, राकेश सोमानी, राजेश सोमानी, भागचंद सोमानी, द्वारकाप्रसाद सोमानी, शिवनारायण सोमानी, मुकेश सोमानी, अनूप सोमानी, तरुण सोमानी सहित समाज के अनेक महिला-पुरुष उपस्थित रहे। भोजन निर्माण समिति के प्रभारी बालमुकुंद सोमानी और बृजमोहन सोमानी ने बताया कि कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को बैठाकर महाप्रसाद ग्रहण कराया गया।