विश्व क्षय रोग दिवस पर जागरूकता रैली का आयोजन, स्वास्थ्य समिति की बैठक में योजनाओं की समीक्षा

अनिल कुमार

 

स्मार्ट हलचल|ब्यावर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंगलवार को ‘विश्व क्षय रोग दिवस’ के अवसर पर जिले में टीबी उन्मूलन के संकल्प के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सुबह एएनएम ट्रेनिंग सेंटर की छात्राओं द्वारा निकाली गईजन-जागरूकता रैली ने शहरवासियों को टीबी मुक्त भारत का संदेश दिया, वहीं कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में जनहित की योजनाओं की प्रगति जांची गई।

*रैली के माध्यम से दिया टीबी मुक्ति का संदेश*
प्रातः 9:30 बजे जिला कलेक्ट्रेट परिसर से भव्य जागरूकता रैली को अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्ब्रह्मलाल जाट, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत और अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. लोकेश कुमार कुमावत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली कोर्ट परिसर और भगत चौराहा होते हुए जिला क्षय निवारण केंद्र पर संपन्न हुई। रैली के दौरान छात्राओं ने टीबी के लक्षणों, समय पर जांच और सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे निःशुल्क उपचार के बारे में नारे लगाकर आमजन को जागरूक किया।

*स्वास्थ्य समिति की बैठक* : योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
रैली के पश्चात जिला कलेक्टर कमल राम मीना की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
*सीएमएचओ डॉ. संजय गहलोत* ने लाडो प्रोत्साहन योजना, जननी सुरक्षा योजना, पूर्ण टीकाकरण और एनीमिया मुक्त राजस्थान अभियान की समीक्षा की। उन्होंने एनसीडी सेवाओं के तहत 30 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग और फॉलोअप के निर्देश दिए।
*विशेष निर्देश* : बैठक में ऑनलाइन पोर्टल पर “मिसिंग डिलीवरी” (पंजीकरण से वंचित प्रसव) को रोकने, आभा (ABHA) कार्ड और वयोवंदन कार्ड निर्माण की गति बढ़ाने पर चर्चा हुई।

*निरीक्षण और निगरानी:* जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री वाजिद अख्तर ने 108 एम्बुलेंस सेवाओं और ओडीके (ODK) ऐप के माध्यम से चिकित्सा संस्थानों के नियमित डिजिटल निरीक्षण की जानकारी साझा की।
इस अवसर पर जिले के समस्त ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी (BCMO), पीएमओ और विभिन्न चिकित्सा संस्थानों के प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक का समापन जिले को स्वास्थ्य सेवाओं में अग्रणी बनाने के संकल्प के साथ हुआ।