इनरव्हील क्लब कोटा द्वारा किशोरियों के स्वास्थ्य पर जागरूकता कार्यशाला

स्वस्थ किशोरी ही सशक्त नारी की आधारशिला : डॉ. नीता जैन
150 छात्राओं की निःशुल्क हीमोग्लोबिन जांच, स्वास्थ्य शिक्षा पर विशेष संवाद

कोटा। स्मार्ट हलचल|पीएम श्री महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, श्रीनाथपुरम सेक्टर-बी में “कुमारी से नारी की ओर” परियोजना के तहत किशोरियों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर जागरूकता कार्यक्रम इनरव्हील क्लब कोटा द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. निधि बर्थुनिया ने छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता एवं रोग, सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम, एनीमिया से बचाव तथा किशोरावस्था में संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय पर जागरूकता और आवश्यक जांच से कई गंभीर बीमारियों की रोकथाम संभव है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए क्लब अध्यक्ष डॉ. नीता जैन ने कहा कि स्वस्थ किशोरी ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है। उन्होंने छात्राओं से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा नियमित जांच कराने का आह्वान किया।
विद्यालय की प्राचार्य श्वेता गौतम ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी उन्हें बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर करती है।
क्लब सचिव अर्चना गोयल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान क्लब की ओर से 150 छात्राओं की निःशुल्क हीमोग्लोबिन जांच की गई तथा आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श भी दिया गया।
बीपीएनआई के तहत स्तनपान के महत्व पर आधारित क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें छात्राओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी दी गई।
क्लब सचिव अर्चना गोयल ने बताया कि कार्यक्रम का संचालन डॉ पल्लवी जौहरी एवं रुचि साहू ने किया। इस अवसर पर प्रीति गौतम, कल्पना भार्गव, अंशु नारंग, स्नेहा गोयल सहित क्लब की सदस्याएं, विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।