नीरज मीणा
महुवा।स्मार्ट हलचल/ महुवा में आजाद कलम ट्रस्ट के वार्षिक अधिवेशन आजाद महोत्सव के अंतर्गत संजय पैलेस में विराट कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार वंदना यादव एवं विशिष्ट अतिथि बीएसएफ कमांडेंट अशोक शर्मा, डॉ. जगमोहन गोयल, डॉ. अशोक जैन एवं डॉ. पंकज गुप्ता द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ की गई।
कवि सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आए 60 से अधिक कवियों ने अपनी रचनाओं का पाठ किया। देर रात तक चले काव्यपाठ से पूरा परिसर साहित्यिक गतिविधियों से सराबोर रहा।
इस दौरान संस्था की चयन समिति द्वारा चयनित तीन राष्ट्रीय स्तर के साहित्यिक पुरस्कार प्रदान किए गए। समग्र साहित्यिक योगदान के लिए दिल्ली की वरिष्ठ लेखिका डॉ. अनुराधा पाण्डेय को आज़ाद साहित्य रत्न पुरस्कार प्रदान किया गया। गद्य साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान हेतु रोहतक हरियाणा की लेखिका अर्चना कोचर को चरत सिंह यादव स्मृति सम्मान तथा काव्य लेखन के लिए बस्ती उत्तर प्रदेश के कवि लाल देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव को देवेंद्र यादव स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया।
सभी सम्मानित साहित्यकारों को सम्मान राशि, स्मृति चिन्ह, शॉल एवं श्रीफल भेंट किए गए। इस मौके पर संरक्षक राजेन्द्र सिंह यादव, अध्यक्ष नवल घुनावत एवं आयोजन संयोजक ओमप्रकाश हिंगोटा साहित्य गणमान्य लोग मौजूद थे।













