बाबा रामदेव व डिग्गी कल्याण महाराज के पदयात्रियों के लिए खतरा बना कुरेडा-झिराना मार्ग

(नरेश कुरेडा)

पीपलू। स्मार्ट हलचल|बाबा रामदेव और डिग्गी कल्याण महाराज के दर्शन के लिए निकलने वाली पदयात्रा शुरू होने से पहले कुरेडा-झिराना मार्ग की बदहाल स्थिति चिंता का विषय बनी हुई है। इसी मार्ग से हर वर्ष सैकड़ों श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए गुजरते हैं।ग्रामीण नरेश कुरेडा ने जानकारी देते हुए बताया कि मार्ग पर एक स्थान पर गहरा गड्ढा हो गया है, जिससे रात के समय और अधिक भीड़ के दौरान हादसे की आशंका बनी हुई है। इसके अलावा रास्ते में फैला कीचड़ और दोनों ओर उगी बबूल की झाड़ियां भी पदयात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन रही हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को चोट लगने या किसी अप्रिय घटना की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।

ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि पदयात्रा शुरू होने से पहले गड्ढे की मरम्मत कर मार्ग को समतल किया जाए तथा कीचड़ और बबूल की झाड़ियों को हटाकर रास्ते को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि श्रद्धालु बिना किसी बाधा और खतरे के अपनी यात्रा पूरी कर सकें।