थांवला मंडल द्वारा बाड़ी घाटी में अर्पित की पुष्पांजलि
लुकमान शाह
थांवला /स्मार्ट हलचल|बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई जा रही है। थांवला बस स्टैंड से निकली विशाल रैली में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। ग्रामीणों ने मोटरसाइकिल, चार पहिया वाहन से रैली निकाली।
भारत रत्न, संविधान निर्माता, समाज सुधारक और समता के प्रबल समर्थक डॉ. भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती पर पूरे देश में श्रद्धा और सम्मान के साथ नमन किया गया। इसी कड़ी में भाजपा मंडल थांवला द्वारा बाड़ी घाटी के शिवमंदिर, बिनजपुरा (टांडा) में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब की प्रतिमा पर कार्यकर्ताओं एवं आमजनों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष हेमराज दिवाकर, भाजपा जिला महामंत्री रामकिशोर पंचारिया, और जिला मंत्री शिव देशवाल ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया और बाबा साहब के जीवन, संघर्ष व संविधान निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर मिठाई वितरण कर जयंती को उत्सव के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाते हुए थांवला मंडल अध्यक्ष ब्रजराज सिंह लखावत, मंडल संयोजक जसाराम गुर्जर , सहसंयोजक शंकरलाल बंजारा, पंचायत समिति सदस्य गोपाल सिंह, बाड़ी घाटी चेयरमेन देवाराम गुर्जर, पूर्व मंडल अध्यक्ष कैलाश कुमावत, हरसौर के पूर्व मंडल मंडल अध्यक्ष बलवीर सिंह, सुरेश रावत, चीताराम रैदास, सम्पतराज गुर्जर, चेनसिंह डोडियाना, सुखराम रावत, गोपाल बंजारा, गोपाल गुर्जर देवगढ़ और दीपक चौधरी सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विशेष आकर्षण रही ताइक्वांडो की राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी भार्गवी सिंह चौधरी, जिनका सम्मान माला व साफा पहनाकर किया गया। इसके अलावा अनुसूचित जाति के होनहार बालकों का भी मंच पर स्वागत किया गया।
समाजिक कार्यकर्ता राजेश जैन ने इस अवसर पर बाबा साहब की जीवनी पर आधारित एक प्रेरणादायक कविता प्रस्तुत की, जिसने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
मंडल अध्यक्ष ब्रजराज सिंह लखावत ने अपने संबोधन में कहा, “डॉ. अंबेडकर का जीवन समानता और न्याय की लड़ाई का प्रतीक है। उनका बनाया हुआ संविधान आज भी हमें एकजुट और सशक्त बनाता है। यह जयंती केवल श्रद्धांजलि का अवसर नहीं, बल्कि उनके समावेशी और प्रगतिशील भारत के सपने को साकार करने की प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर है।”