अम्बेडकर संघर्ष समिति सावर ने सामाजिक समरसता और संविधान के आदर्शों को अपनाने का लिया संकल्प
सुरज वर्मा
सावर |स्मार्ट हलचल।भीम क्रांति दिवस के अवसर पर अम्बेडकर संघर्ष समिति सावर के तत्वावधान में रविवार को भारत रत्न संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा एवं सर्कल परिसर की साफ-सफाई कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। समिति सदस्यों ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब की प्रतिमा स्थल की स्वच्छता अभियान से हुई, जिसमें समिति के सदस्यों ने प्रतिमा एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके बाद उपस्थित सदस्यों ने बाबा साहब के चित्र एवं प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके सामाजिक न्याय, समानता, शिक्षा और संवैधानिक मूल्यों पर आधारित जीवन दर्शन को याद किया।
इस अवसर पर समिति के संरक्षक सुरजकरण मालावत की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन को और अधिक सक्रिय एवं जनहितकारी बनाने को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण सुझावों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहब अम्बेडकर के विचार आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं और युवाओं को उनके संघर्ष, शिक्षा तथा संविधान के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेनी चाहिए।
बैठक में समाज में शिक्षा के प्रसार, सामाजिक जागरूकता, संगठन की गतिविधियों के विस्तार तथा युवाओं को सामाजिक कार्यों से जोड़ने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। सभी सदस्यों ने बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलकर सामाजिक समरसता, भाईचारे और संविधान की रक्षा के लिए कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष घनश्याम पंवार, मदन रेडिया, मदन आलोरिया, चांदमल खटीक, ओम प्रकाश कांसोटिया, सत्यनारायण महावर, उम्मेद सिंह दीदावत, अशोक मीणा, छोटू पंवार, विनोद पंवार, यश कुमार महावर सहित बड़ी संख्या में समिति सदस्य उपस्थित रहे।
