पेयजल, सड़क और स्वच्छता को बताया प्राथमिकता, ग्रामीणों ने किया जोरदार स्वागत; जनभागीदारी से गांव के विकास का लिया संकल्प
रोपा/स्मार्ट हलचल।बागुदार ग्राम पंचायत में नई सरकार के गठन के साथ ही विकास की उम्मीदों ने भी दस्तक दे दी है। नवनिर्वाचित सरपंच निरमा देवी नायक ने रूप चौदस के शुभ अवसर पर पंचायत भवन में विधिवत पूजा-अर्चना कर पदभार ग्रहण किया। इस दौरान ग्राम विकास अधिकारी ताराचंद सोयल मौजूद रहे। पदभार ग्रहण करने पर ग्रामीणों ने उनका स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।
पंचायत भवन में हुए इस कार्यक्रम के बाद सरपंच निरमा देवी नायक ने अपने इरादे भी साफ कर दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत का विकास किसी एक व्यक्ति के प्रयास से नहीं, बल्कि सभी के सहयोग और भागीदारी से संभव है। पेयजल की समस्या का समाधान, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और गांव में नियमित साफ-सफाई उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेंगे। पंचायत क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड और हर वर्ग की समस्याओं को सुनकर विकास कार्य करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गांव में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना भी उनकी प्राथमिकता रहेगी। सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार, विद्यार्थियों को प्रोत्साहन और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
पदभार संभालते ही सफाई अभियान शुरू
सरपंच निरमा देवी ने केवल घोषणाओं तक सीमित रहने के बजाय पदभार संभालने के बाद ही वार्डों में सफाई करवाने की पहल की। गांव की गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई कार्य शुरू करवाकर उन्होंने स्वच्छता को लेकर अपनी प्राथमिकता का संदेश दिया। नई जिम्मेदारी संभालते ही धरातल पर काम की शुरुआत को ग्रामीणों ने सकारात्मक पहल के रूप में देखा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि गांव को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने के लिए पंचायत का सहयोग करें तथा अपनी समस्याएं खुलकर सामने रखें। इस अवसर पर उपसरपंच रामराज गाडरी, जनसेवक रंगलाल नायक, वार्ड पंच राजेश देवी शर्मा, रेखा देवी रेगर, राजेंद्र कुमार कीर, मांगीलाल मेघवंशी, सीता देवी और अनिल धाकड़ सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।