बजरी माफिया द्वारा अवैध खनन से श्मशान घाट व रास्ता क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों ने थानाधिकारी से लगाई न्याय की गुहार

सुरेश चंद मेघवंशी

मांडल। माण्डल थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत गुढा एवं ग्राम पंचायत संतोकपुरा के ग्रामीणों ने अवैध बजरी खनन से श्मशान घाट एवं खेतों के रास्ते को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए मांडल थानाधिकारी को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया गया कि गुर्जरों का गुढ़ा निवासी महादेव गुर्जर द्वारा अवैध खनन से गुढा गांव के नजदीक कोठारी नदी किनारे स्थित श्मशान घाट एवं आसपास की कृषि भूमि तक जाने वाला आम रास्ता पिछले कई दिनों से अवैध खनन के कारण क्षतिग्रस्त हो गया है। आरोप है कि बजरी माफिया द्वारा अवैध खनन कर मिट्टी एवं रेत को साधनों के माध्यम से हटाकर ले जाया गया, जिससे श्मशान घाट की संरचना खराब हो गई तथा किसानों के खेतों तक पहुंचने का मार्ग भी बंद हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ता बाधित होने से खेतों में खड़ी फसल प्रभावित हो रही है और किसानों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। साथ ही श्मशान घाट पर पूर्व में करवाए गए कार्यों को भी नुकसान पहुंचा है, जिससे ग्रामीणों की सामाजिक एवं धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि नुकसान की भरपाई एवं रास्ता सही कराने के लिए स्थानीय स्तर पर निवेदन करने पर संबंधित व्यक्ति द्वारा उल्टा ग्रामीणों को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जा रही है, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब होने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए, अवैध खनन से हुए नुकसान की भरपाई करवाई जाए तथा श्मशान घाट और आम रास्ते को पुनः पूर्व स्थिति में बहाल कराया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समय रहते कार्रवाई नहीं होने पर क्षेत्र में विवाद एवं तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।