बनेठा कस्बे के आजाद चौक में लो-वोल्टेज का संकट, जनजीवन बेहाल

—>40 से ज्यादा घर प्रभावित, तीन साल से नहीं मिला स्थायी समाधान ।

महेंद्र कुमार सैनी

स्मार्ट हलचल/नगर फोर्ट बनेठा कस्बे के आजाद चौक क्षेत्र में पिछले कई दिनों से कम वोल्टेज की समस्या ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हालात यह हैं कि घरों में बल्ब टिमटिमा रहे हैं, पंखे रेंग रहे हैं और फ्रिज-इनवर्टर जैसे जरूरी उपकरण काम करना बंद कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि JVVNL हेल्पलाइन 1912 और स्थानीय कार्यालय में बार-बार शिकायत के बाद भी केवल “जल्द समाधान” का आश्वासन मिलता है। जमीनी कार्रवाई शून्य है। वोल्टेज गिरने से कई घरों में बिजली उपकरण खराब होने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
आजाद चौक की दुकानों समेत 40 से अधिक घरों में लो-वोल्टेज से हाहाकार है। गर्मी बढ़ने के साथ बिजली की खपत भी बढ़ी है, और दिनभर लोड बढ़ते ही वोल्टेज जवाब दे जाता है। कूलर-पंखे न चलने से महिलाएं और बुजुर्ग रातभर परेशान रहते हैं।बनेठा कस्बे निवासी हरीश जैन,दामोदर कुमावत, परमानंद माली व शंकर सोनी का कहना है कि पिछले तीन साल से हर गर्मी में लोग इस बदहाली से त्रस्त हैं। मोहल्लेवासियों ने बिजली विभाग से ट्रांसफार्मर की लोड क्षमता जांचकर तुरंत समाधान की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि समय रहते राहत नहीं मिली तो क्षेत्रवासी उच्च अधिकारियों और राजस्थान संपर्क जनसुनवाई पोर्टल पर लिखित शिकायत दर्ज कराएंगे।