विद्यार्थियों को मिलेगा व्यावहारिक प्रशिक्षण
बानसूर। स्मार्ट हलचल|नई शिक्षा नीति 2020 के तहत कौशल शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में राजकीय महाविद्यालय बानसूर एवं राजकीय उपजिला चिकित्सालय बानसूर के बीच सोमवार, 30 मार्च 2026 को समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया गया। यह पहल आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा, राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार की गई है।
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि नई शिक्षा नीति के अंतर्गत स्नातक अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए 21 दिवसीय इंटर्नशिप कार्यक्रम अनिवार्य किया गया है। इसी के तहत उप जिला अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश यादव के साथ यह एमओयू संपन्न हुआ।
इस इंटर्नशिप के दौरान विद्यार्थियों को प्राथमिक चिकित्सा, सामुदायिक सेवा, जीवन रक्षक कौशल, सामान्य चोटों के उपचार, चिकित्सा आपात स्थिति तथा आपदा प्रबंधन जैसे विषयों पर व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इंटर्नशिप कार्यक्रम का शुभारंभ 1 अप्रैल 2026 (बुधवार) को महाविद्यालय परिसर में किया जाएगा, जिसमें उपजिला चिकित्सालय की टीम भी उपस्थित रहेगी। कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे, जो स्नातक तृतीय वर्ष की उपाधि के लिए अनिवार्य होंगे। सभी विद्यार्थियों की उपस्थिति इस कार्यक्रम में अनिवार्य रखी गई है।
