स्कूल में शिक्षक पर छात्राओं से अनुचित व्यवहार के आरोप, पॉक्सो में मामला दर्ज; शिक्षक APO

रोहित सोनी

शंभूगढ़। थाना क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत एक शिक्षक पर छात्राओं के साथ कथित रूप से अनुचित व्यवहार करने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर शंभूगढ़ थाना पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ मामला पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को APO कर दिया है। जानकारी के अनुसार विद्यालय के शिक्षक पर छात्राओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में बताया गया कि शिक्षक द्वारा एक छात्रा से प्रेम का इजहार किया गया और उसे कार्यालय में अकेले मिलने के लिए बुलाया गया। इसके बाद अन्य छात्राओं ने भी शिक्षक के व्यवहार को लेकर परिजनों के सामने शिकायत की।
बताया जा रहा है कि चार छात्राओं ने शिक्षक के खिलाफ शिकायत की है। घटना के बाद एक छात्रा मानसिक रूप से परेशान हो गई और तीन दिन तक विद्यालय नहीं पहुंची। परिजनों द्वारा कारण पूछने पर छात्रा ने पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद अन्य छात्राओं ने भी अपने अनुभव साझा किए।
मामले की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और छात्राओं के परिजन विद्यालय पहुंचे और शिक्षक से पूछताछ की। सूचना मिलने पर शंभूगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद छात्राओं और परिजनों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
ग्रामीणों ने कहा कि शिक्षक को समाज में गुरु का दर्जा दिया जाता है और विद्यालय बच्चों के लिए सुरक्षित स्थान माना जाता है। ऐसे में इस प्रकार के आरोप सामने आना चिंताजनक है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इधर शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी शिक्षक को APO कर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
ग्रामीणों ने विद्यालयों में छात्राओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी शिकायत व्यवस्था और नियमित निगरानी व्यवस्था लागू करने की मांग की है।