हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसुरी) उपखंड हमीरगढ़ की ग्राम पंचायत बरडोद में आयोजित ग्राम सेवा शिविर में विभिन्न विभागों ने जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत बड़ी संख्या में प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर सैकड़ों ग्रामीणों को राहत प्रदान की। शिविर में एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। राजस्व विभाग ने शिविर के दौरान 5 सहमति बंटवारे, 5 फार्मर रजिस्ट्री, 12 कृषक प्रमाण-पत्र, 2 भूमि आवंटन प्रस्ताव, 5 जन्म-मृत्यु पंजीकरण तथा 5 नामांतरण प्रकरणों का निस्तारण किया। वहीं पंचायती राज विभाग ने पात्र लाभार्थियों को 15 आवासीय पट्टों का वितरण किया। वन विभाग ने 7 वन मित्र नियुक्त किए तथा विभागीय प्रकरणों का समाधान किया।
पशुपालन विभाग ने मंगल पशु बीमा योजना के तहत 30 पशुपालकों का पंजीकरण कर उन्हें योजना का लाभ दिलाया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई रस्म संपन्न कराई, जबकि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने टीबी मरीजों को मेडिकल किट वितरित कर उपचार एवं पोषण के प्रति जागरूक किया। शिविर की सबसे बड़ी उपलब्धि समाज कल्याण विभाग की रही, जहां उपखंड अधिकारी झंवरलाल मित्तल के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी निजामुद्दीन नीलगर के विशेष प्रयासों से 6 पात्र बच्चों को पालनहार योजना से जोड़ा गया। इस कार्य में छात्रावास अधीक्षक शिवराज तथा महिला पर्यवेक्षक नीतू अग्रवाल ने पात्र बच्चों की पहचान, दस्तावेजों की पूर्ति और आवेदन प्रक्रिया को प्राथमिकता से पूर्ण कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिविर में उपखंड अधिकारी झंवरलाल मित्तल, तहसीलदार भंवरलाल सेन, नायब तहसीलदार श्याम सुंदर पुरोहित, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी निजामुद्दीन नीलगर, भू-अभिलेख निरीक्षक भूपेंद्र सिंह, सरपंच/प्रशासक श्रीमती लीला देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर से लाभान्वित ग्रामीणों और बच्चों के परिजनों ने राज्य सरकार, जिला प्रशासन एवं उपखंड प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राम सेवा शिविरों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ अब पात्र लोगों तक त्वरित और पारदर्शी तरीके से पहुंच रहा है।
