भाजपा के अधिकृत प्रत्याशियों के समर्थन में निर्दलीयों की मान-मनुहार, विधायक रावत के प्रयास रंग लाए
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|नगर निकाय चुनाव-2026 के तहत ब्यावर नगर परिषद के चुनावी मैदान में उतरे 344 उम्मीदवारों में से 14 उम्मीदवारों ने बुधवार को अपने नामांकन पत्र वापस ले लिए। नाम वापस लेने वाले सभी उम्मीदवार ऐसे दस वार्डों से हैं, जहां उन्होंने पार्टी से बगावत कर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया था।बताया गया कि ब्यावर विधायक शंकरसिंह रावत ने बुधवार को निर्दलीय उम्मीदवारों से मान-मनुहार कर उन्हें समझाया और पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के समर्थन में नामांकन वापस लेने के लिए सहमत किया। विधायक के अथक प्रयासों के बाद कई बागी उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापस लेकर अधिकृत प्रत्याशियों के समर्थन का निर्णय लिया।
रिटर्निंग ऑफिसर जयपाल सिंह के अनुसार वार्ड संख्या 4 से ईश्वरसिंह व राजेन्द्र कुमार शर्मा, वार्ड संख्या 8 से रिहाना बानो, वार्ड संख्या 10 से पुखराज काठात व मोहम्मद इकबाल, वार्ड संख्या 12 से हरिसिंह, वार्ड संख्या 15 से मंजूदेवी, वार्ड संख्या 26 से डॉ. अर्पित छाजेड़, संजय नाहर व मनीष भंसाली, वार्ड संख्या 27 से सुमन झंवर, वार्ड संख्या 35 से नारायण सिंह, वार्ड संख्या 44 से जगदीश प्रसाद जांगिड़ तथा वार्ड संख्या 58 से कैलाश चन्द जैन ने अपने नामांकन वापस लिए हैं।
नामांकन वापसी के बाद अब चुनावी मुकाबले की तस्वीर काफी हद तक स्पष्ट हो गई है। खासकर भाजपा के अधिकृत प्रत्याशियों के सामने खड़े हुए बागी उम्मीदवारों के मैदान से हटने से पार्टी को कई वार्डों में राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं नाम वापसी के बाद विभिन्न वार्डों में शेष प्रत्याशियों के बीच चुनावी मुकाबला और अधिक रोचक हो गया है।
