ब्यावर नगर परिषद चुनाव: 27 से 31 अगस्त तक होंगे नामांकन, दो दिन रहेगा अवकाश

अनिल कुमार

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|नगर परिषद ब्यावर आम चुनाव 2026 के तहत नामांकन प्रक्रिया 27 अगस्त से शुरू होगी। अभ्यर्थी 31 अगस्त तक नाम निर्देशन पत्र जमा कर सकेंगे। निर्धारित अवधि में 28 अगस्त को रक्षाबंधन तथा 30 अगस्त को रविवार का अवकाश रहेगा। इन दोनों दिनों में नामांकन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। शेष दिनों में सुबह 10.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन लिए जाएंगे।

वार्ड 1 से 15 के नामांकन पी.एम. श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, छावनी रोड, ब्यावर के कमरा नंबर 37 में होंगे। इसके लिए भगवती प्रसाद वैष्णव, तहसीलदार ब्यावर को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है।

वार्ड 16 से 30 के लिए शिवराम मीणा, तहसीलदार (भू-अ.), जिला कलेक्ट्रेट ब्यावर, वार्ड 31 से 45 के लिए रमेश वर्मा, नायब तहसीलदार सेंदड़ा तथा वार्ड 46 से 60 के लिए मोहरसिंह मीणा, तहसीलदार टॉडगढ़ को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। संबंधित वार्डों के नामांकन निर्धारित स्थलों पर जमा होंगे।

चुनाव लड़ने के इच्छुक अभ्यर्थी 27 अगस्त से उपखंड कार्यालय ब्यावर से नाम निर्देशन आवेदन पत्र प्राप्त कर सकेंगे। प्रतिभूति निक्षेप राशि (अमानत राशि) भी 27 अगस्त से उपखंड कार्यालय में जमा की जाएगी।

नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर को सुबह 10.30 बजे उपखंड अधिकारी ब्यावर के सभागार स्थित पुराने वीसी हॉल में होगी। वहीं अभ्यर्थी 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी का आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।