अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।जिला ब्यावर के पुलिस अधीक्षक (SP) रतन सिंह को पुलिस विभाग में उनकी उत्कृष्ट, सराहनीय और उल्लेखनीय सेवाओं के लिए राजस्थान पुलिस के महानिदेशक (DGP) जयपुर द्वारा प्रतिष्ठित डीजीपी डिस्क (DGP Disc) से सम्मानित किया गया है। यह ब्यावर जिला पुलिस के लिए अत्यंत गौरव और हर्ष का विषय है।एसपी रतन सिंह के कुशल नेतृत्व में जिला पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों की रोकथाम में कई मील के पत्थर स्थापित किए हैं। जिले में पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, शिकायतों के त्वरित निस्तारण तथा एक संवेदनशील व उत्तरदायी पुलिस व्यवस्था विकसित करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
इन उल्लेखनीय कार्यों के लिए मिला सम्मान:
मादक पदार्थों पर कड़ा प्रहार: NDPS Act के तहत रिकॉर्ड मुकदमे दर्ज कर माल की जब्ती की प्रभावी कार्रवाई की गई।
अपराधियों की धरपकड़: जिले के टॉप-10 अपराधियों, ईनामी बदमाशों और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए त्वरित और सक्रिय अभियान चलाए गए।
साइबर सुरक्षा में मिसाल: साइबर फ्रॉड (Cyber Fraud) का शिकार हुए पीड़ितों की राशि होल्ड करवाने, रिफंड दिलाने और चोरी व गुमशुदा मोबाइल बरामदगी में ब्यावर पुलिस ने बेहतरीन कार्य किया।
चोरी व नकबजनी का खुलासा: चोरी और नकबजनी के प्रकरणों में मुल्जिमों की त्वरित गिरफ्तारी और शत-प्रतिशत माल बरामदगी सुनिश्चित की गई।
जन-जागरूकता अभियान: उनके नेतृत्व में महिला एवं बाल सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति (गधा युक्ति) अभियान और कम्युनिटी पुलिसिंग (जनसहभागिता) के विभिन्न कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित किया गया।
पुलिसिंग के क्षेत्र में किए गए इन सभी उत्कृष्ट और ऐतिहासिक कार्यों को देखते हुए उन्हें इस सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया है। एसपी रतन सिंह की इस उपलब्धि पर ब्यावर पुलिस बल और स्थानीय नागरिकों ने उन्हें हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
