DST व ब्यावर सदर थाना पुलिस की संयुक्त नाकाबंदी में मिली सफलता
सेंदरिया स्टेडियम के पास घेराबंदी कर पकड़ा; आरोपी पर पूर्व में भी दर्ज है NDPS का मामला
अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशानुसार नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ब्यावर पुलिस को लगातार दूसरी बड़ी सफलता मिली है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया एवं वृत्ताधिकारी (शहर) राजेश कसाना के निकट पर्यवेक्षण में जिला स्पेशल टीम (DST) और ब्यावर सदर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 42.400 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। मौके से तस्करी में प्रयुक्त सिल्वर रंग की मारुति ब्रेजा कार को जब्त कर बाड़मेर निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर सेंदरिया स्टेडियम के पास नाकाबंदी
सदर थानाधिकारी गजराज चौधरी एवं DST प्रभारी राजदिपेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को 1 अगस्त को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि विजयनगर की तरफ से सिल्वर रंग की ब्रेजा कार में भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ लाया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सेंदरिया स्टेडियम के पास सख्त नाकाबंदी की गई।
भगाने का प्रयास, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
नाकाबंदी के दौरान विजयनगर की ओर से आ रही संदिग्ध कार को पुलिस ने रोकने का इशारा किया। चालक ने कार भगाने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस जाब्ते ने चारों तरफ से घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। कार की डिग्गी की तलाशी लेने पर उसमें 42.400 किग्रा अवैध डोडा पोस्त भरा मिला।
शातिर अपराधी है गिरफ्तार तस्कर
पुलिस ने आरोपी भीखाराम पुत्र जेठाराम (उम्र 21 वर्ष), निवासी आदर्श बस्ती बिसाला (थाना बाड़मेर ग्रामीण) को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी बालोतरा जिले के सिणधरी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
