ब्यावर पुलिस का ‘ऑपरेशन मोबाइल’: ₹21 लाख के 103 चोरी हुए गुम मोबाइल फोन मालिकों को लौटाए

अनिल कुमार

साइबर सेल की बड़ी स्ट्राइक: दूसरे राज्यों से खोज निकाले मोबाइल, चेहरों पर लौटी मुस्कान

स्मार्ट हलचल|जिला पुलिस ब्यावर ने चोरी और गुमशुदा मोबाइल फोन की तलाश के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक रतन सिंह (IPS) के निर्देशन में साइबर सेल और जिले के विभिन्न थानों की टीम ने इस वर्ष अब तक कुल 103 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंपे हैं। इन मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये आंकी गई है।

*दो चरणों में हुआ वितरण*
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र शर्मा और उप अधीक्षक राजेश कसाना के सुपरविजन में चलाए गए इस अभियान के तहत प्रथम चरण में 12 जनवरी, 2026 को 51 मोबाइल बांटे गए थे। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए आज, 27 मार्च को पुलिस कार्यालय में 52 और मोबाइल फोन (कीमत लगभग 12 लाख रुपये) उनके मालिकों को लौटाए गए।

अपना खोया हुआ कीमती फोन वापस पाकर परिवादियों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली की जमकर सराहना की

*बिहार और गुजरात तक पहुंची* ब्यावर पुलिस
साइबर सेल ने केवल राजस्थान ही नहीं, बल्कि बिहार, गुजरात और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों से भी मोबाइल फोन रिकवर करने में सफलता हासिल की है। इस पूरी प्रक्रिया में भारत सरकार के *CEIR*(Central Equipment Identity Register)पोर्टल और तकनीकी आसूचना का विशेष योगदान रहा।

*इनकी रही मुख्य भूमिका*
इस सफलता के पीछे साइबर सेल प्रभारी स.उ.नि. सरफराज, कांस्टेबल नैना सिंह, महिला कांस्टेबल मीना, रामवतार और सुभाष की विशेष टीम का अथक प्रयास रहा।
पुलिस की अपील: तुरंत करें ये काम
एसपी रतन सिंह ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर घबराएं नहीं। सबसे पहले राजस्थान पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी शिकायत दर्ज करें और उसके बाद *CEIR* पोर्टल पर जाकर मोबाइल को ब्लॉक कराएं ताकि उसका गलत इस्तेमाल न हो सके।